![]()
बिहार के 15 जिलों में बाढ़ से बिगड़े हालात के बीच राहत और बचाव कार्यों के साथ सियासत भी तेज हो गई हैं। राज्य सरकार प्रभावित परिवारों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने का दावा कर रही है, जबकि विपक्ष सरकार पर बाढ़ पीड़ितों की अनदेखी का आरोप लगा रहा है। इसी बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी बिहार की बाढ़ को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर बाढ़ में हुई जनहानि पर दुख व्यक्त किया और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। राहुल गांधी ने जनहानि पर जताया दुख राहुल गांधी ने कहा कि ‘बिहार में आई विनाशकारी बाढ़ से हुई जनहानि अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस आपदा में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के साथ मेरी सहानुभूति है।’ कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मदद की अपील राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की। दूसरी ओर प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी बढ़ को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की है। प्रियंका गांधी ने लिखा, ‘बिहार में भयानक बाढ़ की वजह से हुई तबाही का समाचार अत्यंत दुखद है। प्रदेश के लाखों लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। बड़ी संख्या में जन-धन की हानि हुई है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।’ उन्होंने आगे लिखा, ‘सरकार से मेरी अपील है कि राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द मदद पहुंच सके। कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आग्रह है कि प्रभावित लोगों की यथासंभव मदद करें। पूरा देश आपदा में प्रभावित लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है।’ राहत कार्यों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज बिहार में बाढ़ का दायरा बढ़ने के साथ ही राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं। सरकार राहत और बचाव के लिए किए जा रहे इंतजामों को सामने रख रही है, जबकि विपक्ष प्रभावित परिवारों तक सहायता पहुंचने को लेकर सवाल उठा रहा है। ऐसे में बाढ़ अब राहत और बचाव के साथ-साथ सियासी मुद्दा भी बनती जा रही है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लगातार बाढ़ के मुद्दे पर सरकार को घेर रहे हैं। उनके निशाने पर राज्य सरकार के साथ केंद्र सरकार भी है। तेजस्वी यादव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखे हमले कर चुके हैं। साथ ही, उन्होंने बाढ़ प्रभावित बिहार के लिए केंद्र से पर्याप्त राहत सहायता देने की मांग की है।
Source link
बिहार में बाढ़ को लेकर राहुल गांधी ने जताई चिंता:प्रियंका गांधी ने की कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मदद की अपील, राहत को लेकर सरकार-विपक्ष आमने-सामने
