![]()
समस्तीपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर गांव में ग्रामीणों ने हथियार लेकर जा रहे दो युवकों को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने उनकी पिटाई करने के बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, युवकों के पास से एक पिस्तौल और कुछ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पकड़े गए दोनों युवक उजियारपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। यह घटना तब हुई जब दोनों युवक बाइक से कल्याणपुर इलाके की ओर जा रहे थे। बिरसिंहपुर ब्रेकर के पास अचानक उनके पास मौजूद पिस्तौल सड़क पर गिर गई। सड़क पर गिरे हथियार को देखकर ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ी। उन्होंने दोनों युवकों को रोककर पूछताछ शुरू कर दी। मामला संदिग्ध लगने पर ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया। पकड़े जाने के बाद करने लगा फायरिंग ग्रामीणों का आरोप है कि पकड़े जाने के बाद एक युवक ने पिस्तौल निकालकर गोली चलानी शुरू कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों युवकों को घेरकर उनकी पिटाई कर दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस दोनों युवकों को ग्रामीणों के कब्जे से लेकर थाने चली गई। मारपीट में एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेजा। सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में ड्यूटी पर तैनात डॉ. जीवछ महतो की देखरेख में उसका इलाज शुरू किया गया। युवक के शरीर पर चोट के निशान बताए गए हैं। पुलिस दूसरे युवक से भी पूछताछ कर रही है। आरोपी बोला- एक दोस्त ने कल्याणपुर में पिस्टल, कारतूस पहुंचाने को कहा था पुलिस पूछताछ के दौरान एक युवक ने बताया कि उसके एक दोस्त ने उसे पिस्तौल और कुछ जिंदा कारतूस कल्याणपुर इलाके में किसी व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए दिए थे। इसी हथियार को पहुंचाने के लिए वह अपने दोस्त के साथ बाइक से कल्याणपुर जा रहा था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार किसने दिया था और इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। मामले को लेकर एसडीपीओ-2 संजय कुमार ने बताया कि हथियार के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है। पूछताछ और जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार कहां से आया और दोनों युवक इसे लेकर किस उद्देश्य से जा रहे थे। हथियार और कारतूस को पुलिस ने जब्त किया घटना के बाद पुलिस ने बरामद हथियार और कारतूस को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस युवकों की बाइक और उनके मोबाइल फोन समेत अन्य सामान की भी जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के आधार पर हथियार के स्रोत और उसके संभावित खरीदार या प्राप्तकर्ता तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल दोनों युवक पुलिस हिरासत में हैं और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों युवक हथियार तस्करी में शामिल थे या किसी अन्य उद्देश्य से हथियार लेकर जा रहे थे। गोली चलाने के आरोप की भी पुलिस जांच कर रही है।
Source link
समस्तीपुर में हथियार के साथ दो युवक पकड़े गए:लोगों ने पिटाई कर पुलिस को सौंपा, एक घायल; पिस्टल, जिंदा कारतूस बरामद
