![]()
मुजफ्फरपुर के मोतीपुर प्रखंड की पकड़ी पंचायत के बड़ा बैजनाथ गांव में एक युवक जर्जर सड़क की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की पहचान कृष्णा पासवान के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव की मुख्य सड़क लंबे समय से खराब है। बारिश में स्थिति और बिगड़ जाती है, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को काफी परेशानी होती है। कृष्णा पासवान ने बताया कि उसने सड़क बनवाने के लिए कई बार मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और वार्ड सदस्य से अपील की थी। लेकिन किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया। जब कहीं सुनवाई नहीं हुई, तो कृष्णा पासवान शुक्रवार को गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। वह सड़क बनाने की मांग कर रहा था। युवक को टावर पर देख गांव में भीड़ जमा हो गई। ग्रामीण उससे नीचे उतरने की अपील करते रहे। घटना की खबर मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा। मोतीपुर के BDO अरविंद कुमार गुप्ता और बरुराज थाना अध्यक्ष कुनाल कुमार कश्यप वहां आए। काफी समझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। BDO अरविंद कुमार गुप्ता ने मीडिया से कहा कि ऐसा कदम उठाने से पहले स्थानीय प्रशासन को जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने बताया कि यह सड़क पंचायत स्तर की नहीं, बल्कि विभागीय सड़क है। BDO ने भरोसा दिलाया कि सड़क की रिपोर्ट जुड़े विभाग, डीएम और एसडीएम को भेजी जाएगी। वहां से निर्देश मिलने के बाद आगे कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी कहा कि अभी अस्थायी तौर पर मिट्टी-मोरम डालकर सड़क को आवाजाही के लायक बनाया जाएगा। प्रशासन के भरोसे के बाद ग्रामीण शांत हुए। युवक को उसके परिवार को सौंप दिया गया।
Source link
मोतीपुर में सड़क मरम्मत के लिए टावर पर चढ़ा युवक:BDO के आश्वासन पर नीचे उतरा, मिट्टी-मोरम डालकर चलने के लायक बनाया
