![]()
आरा शहर की जर्जर सड़कों, क्षतिग्रस्त पुल और यात्री सुविधाओं की बदहाली को लेकर भाकपा माले ने मंगलवार को चार सूत्री मांगों को लेकर आरा के प्राइवेट बस स्टैंड के समीप चक्का जाम कर दिया। माले कार्यकर्ताओं के चक्का जाम के कारण आरा-सासाराम, आरा-मोहनिया और आरा-पटना मुख्य मार्ग पर करीब दो घंटे तक आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा। इस दौरान आरा सांसद सुदामा प्रसाद भी सड़क पर उतर गए और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चक्का जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में फंसी रही सैंकड़ों गाड़ियां जाम में सब्जी लदी गाड़ियां, पुलिस वाहन, यात्री बसें, ऑटो और निजी वाहन समेत अपने गंतव्य तक जाने वाले सैकड़ों लोग फंसे रहे। भीषण गर्मी के बीच सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगने से यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग जाम खुलने का इंतजार करते रहे, जबकि कुछ वाहन चालक दूसरे रास्तों से निकलने की कोशिश करते नजर आए। इस दौरान माले नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर लगातार जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। माले नेता बोले- कई सड़कों और पुलों की स्थिति लंबे समय से खराब माले नेताओं ने कहा कि शहर की कई महत्वपूर्ण सड़कों और पुलों की स्थिति लंबे समय से खराब है, लेकिन प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। आंदोलनकारियों ने चार प्रमुख मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग की। सांसद सुदामा प्रसाद ने पहली मांग की पटेल बस पड़ाव से शिवगंज मोड़ तक जाने वाली अस्पताल रोड के निर्माण की है। नेताओं का कहना है कि यह सड़क आदर्श सदर अस्पताल तक पहुंचने का महत्वपूर्ण मार्ग है। सड़क अत्यंत जर्जर होने के कारण मरीजों, उनके परिजनों और आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। माले ने सड़क का अविलंब निर्माण या पुनर्निर्माण कराने की मांग की। श्रीटोला-बहिरो नहर पर नया पुल बनाने की मांग दूसरी मांग श्रीटोला-बहिरो नहर पर स्थित जर्जर पुल के स्थान पर नए पुल के निर्माण की है। माले नेताओं के अनुसार पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण हादसे की आशंका बनी रहती है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में पुराने पुल को हटाकर मजबूत और सुरक्षित नए पुल का निर्माण कराने की मांग की गई। बस पड़ाव में यात्री सुविधाएं बढ़ाने की मांग तीसरी मांग अंतरराज्यीय पटेल बस पड़ाव में यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने की है। माले ने बस पड़ाव में नियमित साफ-सफाई, पेयजल, महिला शौचालय, जलनिकासी और प्रतीक्षालय की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की। नेताओं का कहना है कि सुविधाओं के अभाव में यात्रियों, खासकर महिलाओं को परेशानी होती है। रेलवे ओवरब्रिज की सड़क और लाइट दुरुस्त करने की मांग चौथी मांग पूर्वी रेलवे ओवरब्रिज के पहुंच पथ की जर्जर सड़क और खराब पड़ी लाइटों की मरम्मत की है। माले नेताओं ने कहा कि रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पहुंच पथ का शीघ्र मरम्मतीकरण कराने और खराब लाइटों को दुरुस्त कर समुचित प्रकाश व्यवस्था बहाल करने की मांग की गई। जाम में फंसे सब्जी कारोबारी राजेंद्र साव ने बताया कि वे करीब डेढ़ घंटे से जाम में फंसे हुए हैं। चांदी से सब्जी लेकर पकड़ी जाना था, लेकिन जाम के कारण काफी परेशानी हो रही है। धूप और भीषण गर्मी में सब्जियां खराब होने की स्थिति में पहुंच गई हैं। उन्होंने कहा कि सब्जी खराब होने का नुकसान तो होगा ही, लेकिन चिलचिलाती गर्मी में जाम में फंसने से हमारी हालत भी बदतर हो गई है। रेंगते-रेंगते किसी तरह यहां तक पहुंचे हैं, लेकिन हमारी परेशानी सुनने वाला कोई नहीं है। जाम के कारण हर तरफ से नुकसान उठाना पड़ रहा है।
Source link
आरा में 4 सूत्री मांग को लेकर माले का चक्काजाम:श्रीटोला-बहिरो नहर पर नए पुल के निर्माण की मांग, जर्जर सड़कों को लेकर सड़क पर उतरे सांसद
