Headlines

महावीरी जुलूस के दौरान पुलिस से बदसलूकी पर FIR:सीवान में अखाड़ा नंबर-1 और 4 के लाइसेंसधारी समेत कई लोग नामजद; वीडियो फुटेज से होगी आगे कार्रवाई




सीवान शहर में महावीरी जुलूस के दौरान नियमों की अनदेखी और पुलिसकर्मियों से दुर्व्यवहार के मामले में दैनिक भास्कर में खबर प्रकाशित होने के कुछ ही घंटों बाद बड़ा असर देखने को मिला है। नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अखाड़ा नंबर-1 और अखाड़ा नंबर-4 के लाइसेंसधारी समेत अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई को जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। दरअसल, रविवार की शाम शहर के विभिन्न मोहल्लों से निकला महावीरी जुलूस जेपी चौक, कागजी मोहल्ला, शांति वट वृक्ष, बड़ी मस्जिद और थाना रोड होते हुए पुनः जेपी चौक पहुंचा। जुलूस देर रात छिटपुट घटनाओं को छोड़कर शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रमुख स्थानों पर प्रशासनिक कैंप के साथ संवेदनशील मोड़ों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी और जवानों की तैनाती की गई थी। बड़ी मस्जिद के सामने कैंप से अधिकारी कर रहे थे निगरानी बड़ी मस्जिद के सामने बनाए गए मुख्य प्रशासनिक कैंप से डीडीसी अमिताभ सिंह, एसडीओ आशुतोष गुप्ता, एसडीपीओ सदर-1 अजय कुमार सिंह समेत कई वरीय अधिकारी जुलूस की निगरानी कर रहे थे। नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार भी पूरी व्यवस्था पर नजर बनाए हुए थे। लाठी-डंडे भांजने से रोकने पर भी नहीं माने, दारोगा से धक्का-मुक्की इसी दौरान अखाड़ा नंबर-1 और नंबर-4 से जुड़े कुछ लोगों पर बेतरतीब तरीके से लाठी-डंडे भांजते नजर आए जिसको रोकने का काफी प्रयास किया गया लेकिन वे नहीं माने जिससे कई लोगों के घायल होने की बात सामने आई। वहीं अखाड़ा नंबर-1 के कुछ सदस्यों द्वारा ड्यूटी पर तैनात दारोगा को समझाने के दौरान धक्का दे दिया गया, जिससे दारोगा सड़क पर गिर गए।पुलिसकर्मियों और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत भी सामने आई। खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी मामले को लेकर दैनिक भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद नगर थाना पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया। नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने कार्रवाई करते हुए अखाड़ा नंबर-1और नंबर-4 के लाइसेंसधारी तथा अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।पुलिस अब मामले में वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है। निर्धारित समय से पहले बड़ी मस्जिद पार कर गया जुलूस खास बात यह रही कि जुलूस के दौरान पुलिस-प्रशासन ने पूरी मुस्तैदी से व्यवस्था संभाली और कई वर्षों के बाद जुलूस निर्धारित समय से पहले बड़ी मस्जिद पार कर गया। स्थानीय लोगों ने भी नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार की रणनीति और सूझबूझ की सराहना की। कार्रवाई के बाद यह संदेश साफ है कि परंपरा और उत्सव की आड़ में कानून हाथ में लेने या ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से बदसलूकी करने वालों के खिलाफ पुलिस अब कार्रवाई से पीछे नहीं हटेगी। जुलूस की 2 और तस्वीरें…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *