सुपौल में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ पुलिस व प्रवर्तन एजेंसियों ने अगस्त महीने में व्यापक कार्रवाई की। 1 से 31 अगस्त तक जिले के अलग-अलग थानों में मादक पदार्थों से जुड़े कुल 18 मामले दर्ज किए गए।
.
इनमें पुलिस ने 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान 842 किलो गांजा और स्मैक, चरस व ब्राउन शुगर समेत अन्य मादक पदार्थ बरामद किए गए।
सोमवार को समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में डीएम सावन कुमार की अध्यक्षता में NCORD (नारको कोऑर्डिनेशन सेंटर) की बैठक हुई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण, नशामुक्ति और जनजागरूकता गतिविधियों की समीक्षा की गई।
546.32 ग्राम स्मैक- 638 लीटर कोडिन सिरप जब्त
बैठक में अगस्त की कार्रवाई का थानावार प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके अनुसार 546.32 ग्राम स्मैक, चरस और ब्राउन शुगर, 638 लीटर कोडिन सिरप तथा 446 एमएल इंजेक्शन भी जब्त किए गए। कार्रवाई के दौरान छह मोटरसाइकिल, 13 मोबाइल, एक चार चक्का वाहन, एक 3 चक्का वाहन, एक पिस्टल और 17 कारतूस भी बरामद किए गए।

बैठक में मौजूद अधिकारी।
डीएम ने सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी संबंधित विभाग और प्रवर्तन एजेंसियां आपसी समन्वय से काम करें। तस्करी से संबंधित सूचना तत्काल साझा करते हुए जरूरत के अनुसार संयुक्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पटना से एनसीबी के प्रतिनिधि समेत अन्य संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे। डीएम ने नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता गतिविधियों को भी प्रभावी ढंग से चलाने पर जोर दिया।
