Headlines

मधेपुरा में खेल दिवस पर कबड्डी-वॉलीबॉल प्रतियोगिता:बिहारीगंज ने सिंहेश्वर को हराया, मेजर ध्यानचंद को लोगों ने किया याद




मधेपुरा में खेल दिवस के मौके पर शनिवार को बीपी मंडल इंडोर स्टेडियम में कबड्डी और वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई। खेल विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सह उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा आम्रपाली कुमारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर नारियल फोड़कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने खेल के क्षेत्र में देश को अलग पहचान दिलाई। उनके बनाए रास्ते पर चलते हुए आज देश के खिलाड़ी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं।
कबड्डी के बालक वर्ग में बिहारीगंज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 27 अंक हासिल किए और विजेता कप पर कब्जा जमाया। जवाहर नवोदय विद्यालय, सिंहेश्वर की टीम 22 अंक के साथ उपविजेता रही। वॉलीबॉल के बालिका वर्ग में शिवनंदन प्रसाद प्लस-2 विद्यालय की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं जगजीवन आश्रम, मधेपुरा की टीम उपविजेता रही। विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी अनंत कुमार ने कहा कि मानव जीवन में खेलकूद का महत्वपूर्ण स्थान है। खेलेंगे तो निश्चित तौर पर स्वस्थ रहेंगे। मेजर ध्यानचंद की खेल प्रतिभा आज भी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। देश के खिलाड़ी उनके पदचिह्नों पर चलकर खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन बिहार राज्य कबड्डी संघ रेफरी बोर्ड के संयोजक सह शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक अरुण कुमार ने किया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में मधेपुरा जिला कबड्डी संघ के सचिव रौशन कुमार, वॉलीबॉल प्रशिक्षक प्रदीप कुमार सिंह, खेल शिक्षक राकेश कुमार, कार्यालय लिपिक संतोष कुमार, कार्यपालक सहायक रतनेश कुमार, अंकित कुमार, सुगंध कुमार, रवि कुमार सहित अन्य ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *