![]()
चांद थाना क्षेत्र के खैटी गांव में पानी के तेज बहाव में डूबने से 19 वर्षीया युवती संजू कुमारी की मौत हो गई। वह खैटी गांव निवासी शिवकुमार राय की पुत्री थीं। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, संजू खेत में काम कर रहे अपने परिजनों के लिए चाय लेकर जा रही थी। गांव के पश्चिमी छोर पर स्थित छलका को पार करते समय अचानक पानी का बहाव तेज हो गया। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में बह गई। पानी के तेज दबाव और गहराई के कारण वह खुद को संभाल नहीं पाई और डूब गई। जब संजू काफी देर तक खेत पर नहीं पहुँची, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान परिजन छलका के पास पहुँचे, जहां कुछ दूरी पर गहरे पानी में उसका शव बरामद हुआ। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागज़ी कार्रवाई पूरी की। शुक्रवार दोपहर शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए सदर अस्पताल, भभुआ ले जाया गया। इस घटना के बाद से मृतका के परिवार में शोक का माहौल है और पूरे खैटी गांव में गम व्याप्त है।
Source link
कैमूर में युवती की पानी में डूबने से मौत:खेत में काम कर रहे परिजनों के लिए चाय ले जा रही थी, छलका पुल पार करते समय हादसा
