Headlines

बांका में सरकारी जमीन से अवैध मिट्टी कटाई:4 आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी, सभी फरार; वारंट की तैयारी




बांका जिले के ओढ़नी डैम ओपी थाना क्षेत्र में बिहार सशस्त्र पुलिस-10 (BAP-10) के मुख्यालय निर्माण के लिए आवंटित सरकारी जमीन से अवैध रूप से मिट्टी कटाई का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई तेज कर दी है। अनुसंधान के दौरान प्रिंस कंस्ट्रक्शन के संवेदक लालधारी यादव, ओंकार यादव, मुंशी धनैश्वर यादव और परशुराम ठाकुर की संलिप्तता पाई गई है। इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है। बुधवार संध्या प्रेस रिलीज देकर जानकारी दी गई। पुलिस के अनुसार, सरकारी जमीन से अवैध रूप से निकाली गई मिट्टी का उपयोग नवनिर्मित कटोरिया-टुग्रा सड़क मार्ग में भराव के लिए किया गया था। यह उत्खनन बिना किसी अनुमति के किया गया। इस संबंध में ओढ़नी डैम ओपी थाना में 7 अगस्त 2026 को कांड संख्या 466/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें चार आरोपियों के नाम सामने आए। पुलिस टीमों ने 22 से 25 अगस्त के बीच आरोपियों के संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी की। इनमें देवघर-चांदन स्थित प्रिंस कंस्ट्रक्शन का प्लांट और घर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, लालधारी यादव के सिमलतल्ला (जमुई), कदमकुआं और शास्त्रीनगर (पटना) स्थित आवासों पर भी दबिश दी गई। ओंकार यादव के इन्द्रावरण, धनैश्वर यादव के अडिरा और परशुराम ठाकुर के देरदा स्थित ठिकानों पर भी छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान सभी आरोपी अपने ठिकानों से फरार पाए गए। पुलिस का मानना है कि वे गिरफ्तारी के डर से छिपे हुए हैं। बांका पुलिस ने अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई और तेज कर दी है। न्यायालय से उनके विरुद्ध गैर-जमानती वारंट जारी कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके साथ ही इश्तेहार और कुर्की-जब्ती जैसी कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी तेज की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि से बिना अनुमति मिट्टी का उत्खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विभिन्न टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *