Headlines

विधायक कार्यालय से गिरफ्तार युवकों ने पुलिस पर लगाए आरोप:बोले- पुलिस ने जबरन हथियार रखा; SP बोले-पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी हुई




सीतामढ़ी के बेलसंड स्थित लोजपा (रामविलास) विधायक अमित कुमार रानू के कार्यालय से गिरफ्तार किए गए नन्हे सिंह और छोटू यादव ने खुद को निर्दोष बताया है। दोनों युवकों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उन्हें जबरन हथियार के साथ रखकर वीडियो बनाया गया। यह आरोप उन्होंने मेडिकल जांच के लिए अस्पताल पहुंचने के दौरान लगाए। युवकों का आरोप है कि मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना में तैनात एक दरोगा काला पन्नी में पिस्टल लेकर आया था। उन्होंने बताया कि दरोगा ने वह पिस्टल उनके पास रखकर उसका वीडियो बनाया। युवकों ने यह भी दावा किया कि पुलिस ने उन्हें जुर्म कबूल करने को कहा, अन्यथा मुजफ्फरपुर पुलिस उनका एनकाउंटर कर देगी। गिरफ्तार युवकों ने बताया कि वे विधायक के कार्यालय में अपने गांव में होने वाले जग के लिए चंदा मांगने गए थे। उनका कहना था कि वे मदद के लिए विधायक से मिलने पहुंचे थे। छापेमारी के दौरान हथियार के साथ दोनों हुए थे गिरफ्तार पुलिस के अनुसार, विधायक के कार्यालय में छापेमारी के दौरान नन्हे सिंह और छोटू यादव को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने उनके पास से एक पिस्टल, दो मैगजीन और नौ जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में छोटू यादव का आपराधिक इतिहास होने की बात कही गई है, उसके खिलाफ पूर्व में आठ मामले दर्ज हैं। युवकों द्वारा लगाए गए आरोपों पर सीतामढ़ी एसपी अमित रंजन ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई है। एसपी ने बताया कि यह गिरफ्तारी सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हुई है। एसपी ने युवकों के आरोपों को तथ्यों से परे बताया और कहा कि बरामदगी तथा कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया के तहत की गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *