- Hindi News
- National
- Breaking News Headlines Today, Pictures, Videos And More From Dainik Bhaskar
1 दिन पहले
- कॉपी लिंक

तेलंगाना में नलगोंडा जिले के कोंडामाल्लेपल्ली में 10वीं क्लास के छात्र ने अपने स्कूल की महिला प्रिंसिपल के घर में घुसकर उनकी हत्या कर दी। छात्र चोरी के इरादे से प्रिंसिपल के घर में घुसा था। प्रिंसिपल कल्लूरूपा रेड्डी (50) 12 अगस्त की सुबह अपने घर पर मृत पाई गईं।
उस समय वह घर पर अकेली थीं। SP शरत चंद्र पवार ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि आरोपी उन पर 27 बार चाकू से हमला किया।
आरोपी लड़के से खून के धब्बे वाले 1.54 लाख रुपए और एक आईफोन बरामद हुआ है। उसके साथी को भी पकड़ा गया है।
आज की बाकी बड़ी खबरें…
ED का दावा- केरलम के पूर्व सीएम की बेटी ने ₹20.05 करोड़ दुबई के अकाउंट में भेज

19 अगस्त को कहा कि उसने मई में केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीणा टी के खिलाफ हुई तलाशी में हाथ से लिखे कुछ नोट्स जब्त किए थे। इन नोट्स में दुबई को किए गए कुछ फंड ट्रांसफर का विवरण था।
ईडी के मुताबिक, तलाशी में जब्त डिजिटल डिवाइस में ऐसे सिम कार्ड की फोटो मिली, जो किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर लिया गया था। एजेंसी का दावा है कि वीणा इस सिम का इस्तेमाल इंटरनेट के जरिए कॉल करने के लिए करती थीं।
मनी लॉन्ड्रिंग का यह मामला केरल की खनन कंपनी कोचिन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) और वीणा की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस से जुड़ा है। एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस अब बंद हो चुकी है।
ईडी का आरोप है कि सीएमआरएल ने आईटी कंसल्टेंसी सेवाओं के नाम पर एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को 2.78 करोड़ रुपए का फर्जी भुगतान किया।
दिल्ली के फ्यूल पंप पर CNG सिलेंडर फटने से 3 की मौत, 3 घायल

दिल्ली के एक फ्यूल पंप पर बुधवार को CNG सिलेंडर फटने से 3 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 3 लोग घायल हुए हैं। तीनों घायलों की हालत भी गंभीर है।
पुलिस के मुताबिक, धमाका उस समय हुआ, जब पंप पर ट्रक में सीएनजी भरी जा रही थी। मरने वाला व्यक्ति वाहन में सीएनजी भरने का काम कर रहा था।
आग को काबू करने और उसे आगे फैलने से रोकने के लिए दमकलकर्मियों को मौके पर भेजा गया।
NCERT ने 11वीं-12वीं राजनीति विज्ञान की किताबों की टीम बदली, चार सदस्यों के RSS से लिंक

NCERT ने 11वीं और 12वीं की राजनीति विज्ञान की किताबें तैयार करने वाली टीम का नए सिरे से गठन किया है। टीम को 11वीं की किताब नवंबर तक और 12वीं की किताब अगले साल जुलाई तक तैयार करनी है।
इसका नेतृत्व कर्नाटक स्थित डीम्ड यूनिवर्सिटी निट्टे के वाइस प्रेसिडेंट, अकादमिक और राजनीतिक विश्लेषक संदीप शास्त्री करेंगे। टीम में चार ऐसे शिक्षा विशेषज्ञ शामिल हैं, जिनकी RSS से जुड़े अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और BJP में सीधे या परोक्ष रूप से काम करने की दस्तावेजी जानकारी है।
शिक्षा मंत्रालय में वरिष्ठ सलाहकार यादव नाथ देशपांडे का ABVP से लंबे समय से संगठनात्मक जुड़ाव रहा है। प्रशांत दिवेकर का पुणे स्थित ज्ञान प्रबोधिनी से लंबे समय से जुड़ाव है। JNU के सेंटर फॉर पॉलिटिकल स्टडीज की प्रोफेसर वंदना मिश्रा ABVP की पूर्व राष्ट्रीय सचिव रह चुकी हैं। रवि रमेशचंद्र शुक्ला RSS से जुड़े भारतीय इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेटिक लीडरशिप-रांबाऊ म्हालगी प्रबोधिनी की ओर से प्रकाशित इंडियन जर्नल ऑफ डेमोक्रेटिक गवर्नेंस के संपादकीय बोर्ड में रह चुके हैं।
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली के आश्रम स्कूल की मान्यता रद्द, सांप काटने से हुई थी 3 छात्राओं की मौत

महाराष्ट्र के जनजातीय विकास विभाग ने गडचिरोली जिले के जपतलाई गांव के सरकारी सहायता प्राप्त आश्रम स्कूल की मान्यता स्थायी रूप से रद्द कर दी है। हाल ही में स्कूल की तीन आदिवासी छात्राओं की सांप के काटने से मौत के बाद यह फैसला लिया गया।
मान्यता रद्द होने के बाद धनौरा तहसील में चल रहा यह आवासीय स्कूल बंद हो जाएगा। स्कूल के छात्रों को पास के जनजातीय स्कूलों में दाखिला दिया जाएगा।
छह लड़कियों को सांप ने काटा था बीती 9 अगस्त की रात छह छात्राओं को सोते समय सांप ने काट लिया था। इनमें से तीन छात्रों की मौत हो गई थी। यह सरकारी सहायता प्राप्त आवासीय स्कूल था। इसमें 233 छात्र पढ़ते थे। सांप के काटने की घटना के बाद स्कूल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।
TMC सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट, समन का पालन नहीं करने पर एक्शन

बंगाल के कोर्ट ने बुधवार को TMC सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। यह कार्रवाई हेट स्पीच मामले में जारी समन का पालन न करने पर की गई।
अगस्त 2025 में महुआ मोइत्रा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और महिलाओं का अपमान करने का आरोप लगाया था।
नादिया जिले के कृष्णानगर कोर्ट में उन्हें पेश होना था, लेकिन उन्होंने कोर्ट के आदेश का पालन नहीं किया।
कैबिनेट की बैठक में 13,041 करोड़ रुपए के चार रेलवे और एक हाईवे प्रोजेक्ट को मंजूरी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बुधवार को हुई कैबिनेट की बैठक में 13,041 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी गई। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट ब्रीफिंग में बताया कि इनमें चार रेलवे और एक हाईवे प्रोजेक्ट शामिल है।
रेलवे के चार प्रोजेक्ट्स में हावड़ा-चेन्नई मुख्य रेलवे लाइन का क्वाड्रपलिंग किया जाएगा। इसके अलावा कटक-पारादीप रूट पर तीसरी और चौथी रेलवे लाइन, यानी क्वाड्रपलिंग का काम किया जाएगा।
पांचवें प्रोजेक्ट के तहत मुजफ्फरपुर से सीतामढ़ी होते हुए सोनबरसा तक चार लेन का हाईवे बनाया जाएगा। यह सड़क नेपाल सीमा तक जाएगी।
दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा- शादी के झूठे वादे पर सहमति से बने संबंध तभी अपराध, जब सहमति झूठे वादे से प्रभावित हो

दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा कि शादी का झूठा वादा करके किसी महिला से शारीरिक संबंध बनाना अपराध हो सकता है। लेकिन हर ऐसे मामले को अपराध नहीं माना जा सकता, जहां बाद में शादी का वादा पूरा नहीं हुआ। कोर्ट को यह देखना होगा कि महिला ने शादी के वादे के भरोसे पर संबंध बनाए थे या दोनों की अपनी मर्जी से संबंध बने थे। इस मामले में 29 साल की महिला ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने शादी का वादा कर उसके साथ कई बार संबंध बनाए। आरोपी पहले से शादीशुदा था और उसके दो बच्चे थे। महिला उसके साथ चार महीने से ज्यादा समय तक सहकर्मी के तौर पर काम कर चुकी थी। कोर्ट ने कहा कि ऐसे में यह मानना मुश्किल है कि उसे आरोपी की शादीशुदा होने की जानकारी नहीं होगी। इसलिए कोर्ट ने माना कि दोनों के बीच संबंध सहमति से बने थे और वे शादी के झूठे वादे से प्रभावित नहीं थे।
तमिलनाडु सरकार ने छात्रों के प्रदर्शन पर रोक वाला आदेश वापस लिया, 17 अगस्त को जारी किया था

तमिलनाडु की विजय सरकार ने कॉलेज छात्रों के विरोध प्रदर्शनों में शामिल होने पर रोक लगाने वाला आदेश वापस ले लिया है। कॉलेज शिक्षा संयुक्त निदेशक सिंथिया सेल्वी पी. की ओर से बुधवार को जारी नए आदेश में 17 अगस्त को जारी पिछला सर्कुलर तत्काल प्रभाव से रद्द करने की जानकारी दी गई है।
दरअसल, 14 अगस्त को सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिया था कि स्कूल-कॉलेज के छात्र और युवा वाम दलों और कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शनों में शामिल न हों। इसके बाद 17 अगस्त को कॉलेज शिक्षा आयुक्त ने सरकारी आर्ट्स एंड साइंस कॉलेजों के प्राचार्यों को छात्रों को ऐसे आयोजनों से दूर रखने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन के साथ समन्वय करने को कहा था।
आदेश सामने आने के बाद इसका विरोध शुरू हो गया। CJP ने सरकार के फैसले की आलोचना करते हुए इसे असंवैधानिक बताया था। पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा था कि किसी भी सरकार को लोगों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार पर रोक नहीं लगानी चाहिए। बढ़ते विरोध के बाद सरकार ने अब 17 अगस्त वाला सर्कुलर वापस ले लिया है।
विशाखापट्टनम में RSS की समन्वय बैठक शुरू, मोहन भागवत ने उद्घाटन किया

सरसंघचालक मोहन भागवत ने बुधवार को आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में RSS की अखिल भारतीय समन्वय बैठक का उद्घाटन किया। बैठक तीन दिन चलेगी।
19 से 21 अगस्त तक चलने वाली इस बैठक में जनसंख्या असंतुलन, युवाओं पर ड्रग्स के बुरे असर और कई अन्य मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
इस कार्यक्रम में संघ से जुड़े 32 संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। इनमें भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले, सह-सरकार्यवाह और अन्य केंद्रीय पदाधिकारी शामिल हैं।
केंद्रीय मंत्री नड्डा एम्स से डिस्चार्ज, एंजियोप्लास्टी के बाद सेहत में सुधार

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा बुधवार को दिल्ली एम्स से डिस्चार्ज हो गए हैं। एम्स ने बताया कि एंजियोप्लास्टी के बाद उनकी सेहत में सुधार हुआ है।
13 अगस्त को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एम्स में एडमिट किया गया था। 17 अगस्त को उनकी एंजियोप्लास्टी की गई। बेचैनी की शिकायत के बाद उनकी कोरोनरी एंजियोग्राफी भी की गई।
महाराष्ट्र के मालेगांव में बस-ट्रक की टक्कर; 2 की मौत, 23 यात्री घायल

महाराष्ट्र के मालेगांव में चालीसगांव रोड स्थित दहिवाल शिवार में बस और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 यात्री घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि बस में 50 से ज्यादा यात्री सवार थे।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे की वजह और बाकी जानकारी जुटाई जा रही है।
गुजरात के भावनगर में जहरीली शराब से 2 की मौत; 19 अस्पताल में भर्ती, 4 तस्कर हिरासत में

गुजरात के भावनगर जिले में जहरीली शराब पीने से 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भावनगर कलेक्टर मनीष कुमार ने बताया कि लोगों ने IMFL ब्रांड की डुप्लीकेट बोतलों में भरी शराब पी थी।
मामले में पुलिस ने 4 शराब तस्करों को हिरासत में लिया है। गुजरात में शराब की बिक्री, खरीद और सेवन पर प्रतिबंध है। अधिकारियों के मुताबिक, घटना की जांच की जा रही है और शराब के स्रोत का पता लगाया जा रहा है।
तमिलनाडु सरकार विधायकों को नई कार देगी, ड्राइवर-असिस्टेंट के लिए ₹1 लाख महीना

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बुधवार को विधानसभा में सभी विधायकों के लिए नई सरकारी कार देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इससे विधायक अपने विधानसभा क्षेत्रों में जाकर लोगों की शिकायतें सुन सकेंगे और सरकारी योजनाओं के काम की निगरानी कर सकेंगे।
सरकार विधायकों को कार के साथ ड्राइवर और मेंटेनेंस के लिए हर महीने ₹75 हजार देगी। इसके अलावा ₹25 हजार ऑफिस में असिस्टेंट के लिए देगी। विजय ने इसके अलावा मुख्यमंत्री व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत इलाज के लिए सालाना कवरेज ₹5 लाख से बढ़ाकर ₹25 लाख करने का ऐलान किया। यानी अब लाभार्थियों को पहले के मुकाबले 5 गुना ज्यादा बीमा कवर मिलेगा।
इससे एक दिन पहले, मंगलवार को सरकार ने महिला सरकारी कर्मचारियों को तीसरे बच्चे के जन्म पर मैटरनिटी लीव 365 दिन करने का ऐलान किया गया था। मौजूदा नियमों के तहत दो या उससे ज्यादा जीवित बच्चों वाली महिला सरकारी कर्मचारियों को तीसरे बच्चे के लिए 12 हफ्ते यानी 84 दिन की मैटरनिटी लीव मिलती है। पहले दो बच्चों के लिए 365 दिन की छुट्टी का प्रावधान पहले से है।
पुणे में 9 साल की बच्ची से रेप के बाद हत्या, 25 साल का आरोपी हिरासत में

महाराष्ट्र के पुणे जिले में 9 साल की बच्ची के साथ रेप के बाद हत्या का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार दोपहर जुन्नर तहसील के पिंपलवाड़ी गांव में हुई।
पुलिस ने मामले में 25 साल के आरोपी को हिरासत में लिया है। पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि आरोपी बच्ची को उसके घर से पास के खेत में ले गया था। वहां बच्ची से रेप किया और बाद में उसकी हत्या कर दी।
15 साल जेल में रहे माओवादी नेता आजाद 49 मामलों में बरी, जेल से रिहा किया गया

माओवादी नेता आजाद उर्फ दाना केशव राव को ओडिशा और आंध्र प्रदेश में दर्ज सभी 49 मामलों में बरी कर दिया गया। 15 साल से ज्यादा समय तक अंडरट्रायल रहने के बाद मंगलवार को उन्हें जेल से रिहा किया गया।
आजाद पर माओवादी हिंसा और लक्ष्मणानंद सरस्वती हत्याकांड समेत कई मामले थे। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद विशेष अदालत में मामलों की तेजी से सुनवाई हुई, लेकिन पर्याप्त सबूत नहीं मिलने पर उन्हें सभी मामलों में बरी कर दिया गया।
ईवी, सीएनजी-हाइड्रोजन गाड़ियों का 5 साल ज्यादा चलाने का प्रस्ताव, ऑपरेटर अब एक साथ 5 साल का ऑथराइजेशन ले सकेंगे

केंद्र सरकार ने EV, CNG और हाइड्रोजन से चलने वाले कमर्शियल वाहनों की नेशनल परमिट अवधि 5 साल बढ़ाने का प्रस्ताव दिया है। सड़क परिवहन मंत्रालय ने मोटर वाहन नियमों में संशोधन का ड्राफ्ट जारी किया है।
प्रस्ताव लागू होने पर बैटरी, हाइड्रोजन और प्राकृतिक गैस वाले वाहनों की उम्र सीमा 12-15 साल से बढ़कर 17-20 साल हो जाएगी।
नेशनल परमिट की प्रक्रिया भी आसान होगी। ऑपरेटर हर साल परमिट लेने के बजाय एक साथ 5 साल का विकल्प चुन सकेंगे। फीस 16,500 रुपए सालाना यानी 5 साल के लिए 82,500 रुपए होगी।
आवेदन, परमिट और भुगतान ऑनलाइन किए जा सकेंगे। जरूरी जानकारी ‘वाहन’ पोर्टल से अपने आप ली जा सकेगी। मंत्रालय ने ड्राफ्ट पर 30 दिनों में सुझाव और आपत्तियां मांगी हैं।
मणिपुर के 5 जिलों में एनआरसी की मांग पर बंद, यातायात ठप

मणिपुर में जनगणना से पहले एनआरसी लागू करने की मांग को लेकर छात्रों के संगठन कैंपेन फॉर जस्ट एंड फ्री डिलिमिटेशन के दो दिवसीय बंद का मंगलवार को घाटी के पांच जिलों में व्यापक असर रहा।
इंफाल ईस्ट, इंफाल वेस्ट, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर में बाजार और शिक्षण संस्थान बंद रहे। वहीं, सार्वजनिक परिवहन भी सड़कों पर नहीं चला।
एयर इंडिया ने सभी पायलटों की ड्रग टेस्टिंग शुरू की, फुकेट-दिल्ली फ्लाइट हादसे के बाद फैसला

फुकेट-दिल्ली फ्लाइट घटना के बाद एयर इंडिया ने सभी पायलटों की ड्रग टेस्टिंग शुरू की है। एयरलाइन ने मंगलवार को कहा कि यह जांच मौजूदा नियामकीय नियमों से आगे बढ़कर की जा रही है। इसका उद्देश्य सुरक्षा और पेशेवर मानकों को और मजबूत करना है।
यह जांच 4 अगस्त को हुई फुकेट-दिल्ली फ्लाइट घटना के बाद शुरू की गई है।दरअसल, भुवनेश्वर के पास से गुजरते समय फ्लाइट में अचानक टर्बुलेंस जैसे हालात बने थे, जिसके चलते यह करीब 300 फीट नीचे आ गई थी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के बाद पायलट (कैप्टन) के दो ड्रग्स टेस्ट किए गए थे, जिनमें दोनों पॉजिटिव आए। दूसरे टेस्ट में गांजा लेने की पुष्टि हुई थी। फ्लाइट में सवार एक यात्री ने भी आरोप लगाया था कि पायलट नशे में था।
नगा शांति कार्यकर्ता निकेतु इरालु का 91 साल की उम्र निधन, नगालैंड में शांति प्रयास के लिए मशहूर थे

नगा शांति कार्यकर्ता और सुलह के लिए काम करने वाले निकेतु इरालु का मंगलवार को दिल्ली में निधन हो गया। परिवार के मुताबिक, वह लंबे समय से बीमार थे और दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। दिल का दौरा पड़ने से 91 साल की उम्र में उनकी मौत हो गई।
कई लोग उन्हें प्यार से अंकल निकेतु कहते थे। वह नगालैंड और पूर्वोत्तर में शांति, मेल-मिलाप और आपसी विश्वास कायम करने की कोशिशों के लिए जाने जाते थे। उन्होंने छह दशक से ज्यादा समय तक राजनीतिक, सामाजिक और जातीय मतभेदों को कम करने और संवाद के जरिए लोगों को जोड़ने के लिए काम किया।
इरालु फोरम फॉर नागा रिकंसिलिएशन (FNR) से जुड़े थे। यह संगठन नागा समूहों के बीच मेल-मिलाप के लिए काम करता है। वह नागा रिकंसिलिएशन कमीशन के अध्यक्ष भी रहे। उन्होंने कई नागा राजनीतिक और सामाजिक समूहों के बीच बातचीत और सुलह की कोशिशों में अहम भूमिका निभाई।

