![]()
दरभंगा में संत रविदार जी की 650वीं जयंती पर बुधवार को दरभंगा में संत रविदास कलश वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान जिलाधिकारी कौशल कुमार, सदर एसडीओ गौरव कुमार, भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। दरभंगा जिले के प्रत्येक प्रखंड के लिए एक-एक कलश भेजा गया है। इन कलशों को गांव-गांव, टोले-मोहल्ले तक ले जाकर लोगों को संत रविदास जी के विचारों, सामाजिक समरसता और उनके संदेशों से अवगत कराया जाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया था। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा संजय सरावगी ने कहा कि रविदास जी के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही निबंध लेखन, साइकिल प्रतियोगिता सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज में समरसता और सामाजिक एकता की भावना मजबूत हो। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी एक विशेष समाज के आराध्य जरूर हैं, लेकिन उनके विचार और संदेश पूरे समाज के लिए हैं। उन्होंने हमेशा सामाजिक भेदभाव को समाप्त कर समरस समाज की स्थापना की बात कही। सभी पंचायतों और गांवों तक पहुंचेगा कलश जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर पटना से कलश दरभंगा पहुंचा था, जिसे जिले के सभी प्रखंडों के लिए रवाना किया गया है। यह कलश पंचायतों, गांवों, मोहल्लों और टोले तक ले जाया जाएगा। इसके माध्यम से संत रविदास जी के संदेशों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देश के अनुसार जिले के महादलित टोलों में विशेष शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी जाएगी और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष पहुंचे।
Source link
संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की पहल:दरभंगा में कलश वंदन कार्यक्रम, पंचायतों और गांवों तक पहुंचेगा कलश
