![]()
नवादा जिले के वरिष्ठ समाजसेवी स्वर्गीय गुलाबचंद साहू की 28वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि एवं पुण्य स्मरण सभा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम इंदिरा गांधी चौक स्थित करू साहू सेवा सदन में हुआ। इसमें जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों, व्यापारियों और साहू समाज के लोगों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री सह नवादा के प्रभारी मंत्री संतोष कुमार सुमन और सांसद विवेक ठाकुर ने स्वर्गीय गुलाबचंद साहू के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। दोनों नेताओं ने उनके सामाजिक योगदान और जनसेवा को याद किया। उन्होंने कहा कि उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणादायक रहा है और नई पीढ़ी को उनके विचारों तथा सामाजिक मूल्यों से सीख लेनी चाहिए। स्वर्गीय गुलाबचंद साहू के पौत्र एवं भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक रवि गुप्ता ने बताया कि उनके दादा ने 1970 के दशक से सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता दी थी। उन्होंने शिव मंदिर निर्माण सहित कई सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता शिशिर कुमार और जिला परिषद सदस्य अजीत यादव ने साहू सदन परिसर में पौधारोपण किया। इसके बाद करीब 500 बच्चों के बीच पाठ्य-सामग्री वितरित की गई, जबकि हजारों लोगों के बीच खीर-पूरी का प्रसाद बांटा गया। श्रद्धांजलि सभा में विधान पार्षद अशोक यादव, अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य संजय दास सहित कई सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। परिवार के सदस्यों ने भी भावुक होकर श्रद्धांजलि अर्पित की। अंत में उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय गुलाबचंद साहू के आदर्शों को आत्मसात कर समाजसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
Source link
नवादा में गुलाबचंद साहू की 28वीं पुण्यतिथि:श्रद्धांजलि सभा में मंत्री-सांसद ने अर्पित की पुष्पांजलि
