सुखबीर बादल मीडिया से बातचीत करते हुए।
पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम एवं शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुद्वारा माता साहिब में हमला करने वाले निहंग जसपाल सिंह ने दावा किया कि उसे हमला करने का आदेश गुरु साहिब से मिला था।
.
उसने कहा कि जब वह नांदेड़ में गुरुद्वारा साहिब में अरदास कर रहा था उस समय उसे आदेश हुआ। उसके बाद जब सुखबीर बादल उसके सामने आए तो उसने खंजर निकालकर उस पर वार कर दिया।
उधर, अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने दावा किया कि सुखबीर बादल के हाथ में सात-आठ टांके नहीं बल्कि 150 के करीब टांके लगे हैं और उनके हाथ की हड्डी भी फ्रैक्चर हुई है। मजीठिया का कहना है कि सुखबीर बादल को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में दिखाया है।
बिक्रम मजीठिया का कहना है कि जल्दी ही अकाली दल का एक शिष्टमंडल केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलेगा और सुखबीर बादल पर लगातार हो रहे हमलों की जांच एनआईए से करवाने की मांग करेंगे। सुखबीर बादल पर 13 अगस्त को हमला हुआ था।

कृपाण, जिससे निहंग ने सुखबीर बादल पर हमला किया।
पुलिस पूछताछ में निहंग ने क्या बताया, 4 पॉइंट में जानिए…
- वाहेगुरु का आदेश: पुलिस पूछताछ में निहंग जसपाल सिंह ने दावा किया कि घटना वाले दिन जब वह गुरुद्वारा साहिब में अरदास कर रहा था, तब उसे अपनी अंतरात्मा से वाहेगुरु का आदेश प्राप्त हुआ। वाहे गुरु के आदेश के बाद ही उसने यह कदम उठाया है।
- पंजाब के हालात और नशे से आक्रोश: उसने पुलिस अधिकारियों को पूछताछ में बताया कि पंजाब में लगातार बिगड़ रहे हालात और युवाओं में तेजी से बढ़ते नशे के मुद्दे से वह मानसिक रूप से काफी व्यथित और आक्रोशित था। इसके लिए वो सुखबीर बादल को जिम्मेदार मानता है।
- किसी के बहकावे या दबाव में नहीं किया हमला: निहंग ने बताया कि उसने इस हमले को किसी अन्य व्यक्ति के बहकावे, बाहरी दबाव या किसी पैसे के लालच में आकर अंजाम नहीं दिया है। उसका किसी से कोई लिंक नहीं है।
- अचानक आवेश में उठाया कदम: आरोपी ने बताया कि जैसे ही उसने सुखबीर सिंह बादल को गुरुद्वारा साहिब में देखा, वह ‘अचानक आवेश में आकर’ अपनी कृपाण से उन पर झपट पड़ा। प्राथमिक पूछताछ में जसपाल सिंह ने लगातार यही बयान दिया है कि उसने इस वारदात को पूरी तरह अकेले ही अंजाम दिया है और इसमें किसी बाहरी साजिशकर्ता का हाथ नहीं था।
हमले के बाद सुखबीर सिंह बादल ने कही ये अहम बातें:
- गुरु साहिब का ऋणी: सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि उनका रोम-रोम दशमेश पिता साहब श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का ऋणी है, जिन्होंने जिंदगी की हर कठिन परीक्षा में उनके सिर पर मेहर भरा हाथ रखा है।
- पुरानी घटना का जिक्र: उन्होंने बताया कि करीब एक साल पहले भी श्री गुरु रामदास जी के पावन स्थान पर उन पर जानलेवा हमला हुआ था और तब भी गुरु महाराज ने उन्हें जीवनदान बख्शा था।
- द्वेष और वैर-विरोध से मुक्त मन: उन्होंने स्पष्ट किया कि गुरु साहिब की कृपा से उनका मन किसी भी द्वेष भावना या वैर-विरोध से पूरी तरह मुक्त है और वे केवल नम्रता व सेवा भाव में लीन हैं।
- भै काहू कउ देत नहि…’ का आदर्श: उन्होंने कहा कि हर गुरसिख की तरह वे भी गुरबाणी की तुक “भै काहू कउ देत नहि नहि भै मानत आन॥” (न किसी को डराओ, न किसी से डरो) के महान आदर्श पर चलते आए हैं और सांसारिक खतरों से भय-मुक्त होकर संगत की सेवा में समर्पित रहेंगे।

जसपाल सिंह के कॉर्पोरेट वकील से निहंग बनने की कहानी…
- पेशे से कॉर्पोरेट वकील था: पुलिस और जांच एजेंसियों की पूछताछ में आरोपी जसपाल सिंह के बारे में अहम जानकारियां सामने आई हैं। नांदेड़ पुलिस के मुताबिक, 62 वर्षीय आरोपी जसपाल सिंह कोई अनपढ़ या आपराधिक पृष्ठभूमि वाला व्यक्ति नहीं है, बल्कि वह काफी पढ़ा-लिखा है और कानून की डिग्री रखता है। निहंग बनने से पहले जसपाल सिंह पुणे और मुंबई में कानूनी सलाहकार के रूप में काम कर रहा था। वह मुंबई की एक बड़ी कॉर्पोरेट फर्म में बतौर लीगल एक्सपर्ट तैनात था।
- 2023 में सांसारिक जीवन का त्याग: पूछताछ में जसपाल ने खुलासा किया कि साल 2023 में उसने अपनी पत्नी और बेटी को पुणे में छोड़कर सांसारिक जीवन से संन्यास ले लिया था। परिवार और वकालत का पेशा छोड़ने के बाद वह नांदेड़ चला आया और सिख धर्म के खालसा पंथ के पारंपरिक योद्धा समुदाय ‘निहंग’ में शामिल हो गया। वह पिछले लगभग दो वर्षों से नांदेड़ के मुगत स्थित गुरुद्वारा माता साहिब देवान में सेवादार के रूप में रह रहा था।
आरोपी अपने बयान पर टिका है एसपी निलाभ का कहना है कि अब तक की पूछताछ में आरोपी ने लगातार यही बयान दिया है कि वह पंजाब की स्थिति और नशे की समस्या से आहत था। प्राथमिक जांच में किसी बाहरी संदिग्ध व्यक्ति से निर्देश मिलने या पहले से रची गई साजिश के प्रत्यक्ष प्रमाण नहीं मिले हैं। हालांकि, उसके इस दावे की पुष्टि के लिए उसके कॉल रिकॉर्ड और पिछले कुछ महीनों के संपर्कों की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
————
ये खबर भी पढ़ें…
पूर्व डिप्टी CM सुखबीर बादल को गुरुग्राम मेदांता लाया गया, सांसद पत्नी जान बचाने वाले इंस्पेक्टर से मिलीं

महाराष्ट्र के नांदेड में गुरुद्वारा माता साहिब में हमले के बाद गुरुवार को शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष व पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल लाया गया। सुखबीर बादल के दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर बिक्रम सिंह मजीठिया समेत अकाली नेता उनसे मिलने पहुंचे। (पढ़ें पूरी खबर)
