![]()
समस्तीपुर के वैनी-पूसा थाना क्षेत्र के गंगापुर चौक के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक नाबालिग की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल और मृतक की पहचान चाचा-भतीजे के रूप में हुई है, जो बाजार से घर लौट रहे थे। मृतक भतीजे की पहचान हरपुर पूसा दक्षिणी वार्ड 11 के रहने वाले राजेश कुमार के बेटे 10 साल के रुद्रांश कुमार, जबकि घायल की पहचान रुद्रांश के चाचा 35 साल के राकेश कुमार के रूप में की गई है। हादसे की सूचना के बाद परिजन ने सड़क पर 5 घंटे तक लगाया जाम हादसे की सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंचे परिजन ने जमकर हंगामा किया। मृत रुद्रांश के शव के साथ गंगापुर चौक के पास पूसा-ताजपुर सड़क को जाम कर दिया। करीब पांच घंटे तक सड़क पर आवागमन ठप रहा। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम और हंगामे की सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंची स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने समझा बुझाकर जाम को हटवाया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पूसा की ओर से आ रहे ट्रक ने बाइक को रौंदा ग्रामीण सुधीर कुमार ने बताया कि राकेश कुमार अपने भतीजे रुद्रांश कुमार के साथ वैनी बाजार स्थित सब्जी मंडी से फल खरीदकर बाइक से अपने गांव हरपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान गंगापुर चौक के पास पूसा की ओर से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक में ठोकर मार दी। हादसे में रुद्रांश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राकेश कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और जख्मी राकेश कुमार को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। इस दौरान भाग रहे ट्रक चालक को लोगों ने खदेड़कर पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। बाद में कुछ लोगों ने चालक को पास के हनुमान मंदिर में बंद कर दिया। इसके बाद आक्रोशित मृतक के परिजन ने उचित मुआवजा देने और गंगापुर चौक के पास बैरियर लगाने समेत अन्य मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। पूसा-ताजपुर सड़क पर करीब 2 किलोमीटर तक लगा रहा जाम हादसे के बाद लोगों के आक्रोश के कारण घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर वैनी रेलवे गुमटी और उसके आगे तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम के कारण राहगीरों का आवागमन बाधित हो गया और बड़ी संख्या में वाहन घंटों फंसे रहे। वैनी थाना अध्यक्ष कल्पना कुमारी ने बताया कि सड़क हादसे में एक बच्चे की मौत हुई है। हादसे को अंजाम देने वाले ट्रक को जब्त कर लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
Source link
समस्तीपुर- सड़क हादसे में 10 साल के नाबालिग की मौत:बाइक चला रहा चाचा गंभीर रूप से घायल; पूसा-ताजपुर सड़क को 5 घंटे तक रखा जाम
