.
पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले से जुड़ी रही। महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुवार को गुरुद्वारा माता साहिब कौर में एक निहंग ने उन पर कृपाण से हमला किया। बादल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. सुखबीर बादल पर हमला, निहंग ने गुरुद्वारे में कृपाण मारी

महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुवार को शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व डिप्टी CM सुखबीर सिंह बादल पर हमला हुआ। वह परिवार के साथ तख्त श्री हजूर साहिब में माथा टेकने पहुंचे थे। दोपहर करीब 1 बजे गुरुद्वारा माता साहिब दीवान जी में एक निहंग ने उन पर कृपाण से हमला कर दिया। बादल के हाथ पर चोट लगी, जबकि उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी संतोष हेगड़े भी हमलावर को रोकते समय घायल हो गए।
महाराष्ट्र पुलिस ने हमलावर निहंग जसपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच कर रही है। बादल को इलाज के लिए यशोसाई अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है। महाराष्ट्र के CM देवेंद्र फडणवीस ने पुलिस अधीक्षक से बात कर जांच के आदेश दिए हैं।
अकाली दल प्रवक्ता अर्शदीप सिंह कलेर ने हमले के पीछे सिख धर्म विरोधी ताकतों की साजिश की आशंका जताई है।श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने कहा कि गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने आए व्यक्ति पर हमला करना सच्चे सिख की मर्यादा नहीं है। इससे पहले दिसंबर 2024 में भी गोल्डन टेंपल में सेवा के दौरान सुखबीर बादल पर गोली चलाई गई थी। (पढ़ें पूरी खबर)
2. SIR की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, आपका वोट है या कट गया, कैसे जानें

पंजाब में वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) का दूसरा राउंड शुरू हो गया है। चुनाव आयोग ने ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 2026 जारी कर दी है। इसमें आप चेक कर सकते हैं कि आपका नाम वोटर लिस्ट में है या SIR के दौरान हटाया गया है। ड्राफ्ट लिस्ट देखने के लिए CEO पंजाब की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
होम पेज पर ASDD LIST, DRAFT ROLL 2026 और SEARCH LIST SIR 2003 के विकल्प दिए गए हैं। ड्राफ्ट लिस्ट में नाम देखने के लिए DRAFT ROLL 2026 पर क्लिक करें। अपना जिला और विधानसभा क्षेत्र चुनकर कैप्चा भरें। इसके बाद पार्ट नंबर और पार्ट के नाम के आधार पर वोटर लिस्ट की PDF डाउनलोड कर अपना नाम चेक करें।
अगर आपको बूथ या पार्ट नंबर नहीं पता है तो Voters’ Services Portal पर जाएं। Search Your Name in Voter List में EPIC नंबर और राज्य डालकर सर्च करें। यहां आपको बूथ, पार्ट और सीरियल नंबर की जानकारी मिल जाएगी। वहीं, वोट कटी है या नहीं, यह जानने के लिए ASDD LIST में अपना EPIC नंबर डालकर चेक करें। नाम हटाया गया होगा तो जानकारी दिखाई देगी। (पढ़ें पूरी खबर)
3. खालिस्तान विरोधी नेता मंड के खिलाफ प्रदर्शन, GT रोड जाम

लुधियाना के खालिस्तान विरोधी सिख नेता गुरसिमरन सिंह मंड की पिटाई के मामले में कार्रवाई को लेकर अंबाला में सिख संगत और पुलिस के बीच टकराव हो गया। गुस्साई भीड़ ने पहले GT रोड (NH-44) जाम किया। पुलिस ने रोकने के लिए बेरिकेडिंग की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने बेरिकेड तोड़ दिए और हाईवे पर पहुंच गए।
भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, जिसके बाद भगदड़ मच गई। इस दौरान कई वाहन आपस में टकराकर क्षतिग्रस्त हो गए। जग्गी सिटी सेंटर के पास हाईवे जाम होने से 5 हाईवे पर ट्रैफिक प्रभावित हुआ। तनाव को देखते हुए NCC स्कूल प्रबंधन ने बच्चों की छुट्टी रोक दी। प्रदर्शनकारी इंटरनेशनल एंटी खालिस्तान टेरेरिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष गुरसिमरन सिंह मंड के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
ये विवाद 7 अगस्त को पंजोखरा साहिब गुरुद्वारे के बाहर हुए घटनाक्रम से जुड़ा है। आरोप है कि मंड की गाड़ी से संगत को टक्कर लगी, जिसके बाद भीड़ और निहंगों ने उन्हें दौड़ाकर पीटा और उनकी इनोवा तोड़ दी। सिख जत्थेबंदियों का आरोप है कि मंड की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत FIR दर्ज कर ली, जबकि उनके खिलाफ दी गई शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। (पढ़ें पूरी खबर)
4. AAP मंत्री के 3 दोस्तों की मौत, कार छप्पड़ में गिरी

लुधियाना में देर रात सड़क हादसे में आम आदमी पार्टी (AAP) नेता बलकार सिंह समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य घायल हो गए। हादसा रात करीब 1:15 बजे रायकोट के पास गांव बसियां में हुआ। यह जगह जगराओं से करीब 12 किलोमीटर दूर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, पांचों लोग नकोदर से कार में सवार होकर दिड़बा की तरफ जा रहे थे। गांव बसियां के पास अचानक कार बेकाबू हो गई और सड़क किनारे बने छप्पड़ (तालाब) में जा गिरी। कार इतनी तेजी से पानी में समाई कि उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। हादसे में बलकार सिंह, विशाल और संदीप की मौत हो गई।
वहीं, दो अन्य साथी घायल हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक संदीप के मामा शेर ने बताया कि रात को संदीप से फोन पर बात हुई थी। उसने कहा था कि वे माथा टेककर वापस आ रहे हैं। इसके कुछ समय बाद परिवार को हादसे की जानकारी मिली। कार के तालाब में गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी (पढ़ें पूरी खबर)
5. नशे के 3 VIDEO, झूमता दिखा युवक, जंगल में इंजेक्शन लगाने का दावा

चंडीगढ़ के IT पार्क थाना एरिया में नशे से जुड़े 3 वीडियो सामने आए हैं। तीनों अलग-अलग जगहों के हैं। वीडियो सामने आने के बाद शहर में नशे की समस्या और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। किशनगढ़ के 15 सेकंड के वीडियो में एक युवक मेज के पास बैठा है। उसकी आंखें बंद हैं और वह लगातार झूम रहा है। वह पीछे की तरफ गिरने जैसा होता है, लेकिन संभल जाता है। कुछ देर बाद नीचे गिर जाता है।
20 सेकंड के वीडियो में एक युवक जमीन पर बैठा है और सिर जमीन से टिकाया हुआ है। वह बिल्कुल शांत नजर आता है। बताया गया कि वह करीब आधे घंटे से ज्यादा समय तक इसी हालत में बैठा रहा। किशनगढ़ के जंगल इलाके के बताए जा रहे 1 मिनट 10 सेकंड के वीडियो में 2 युवक नजर आ रहे हैं। इनमें से एक कुछ देर खड़ा होकर इधर-उधर देखता है और फिर बैठ जाता है। दोनों के नशे का इंजेक्शन लगाने जैसी गतिविधि करने का दावा किया जा रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद डिप्टी मेयर सुमन शर्मा ने पुलिस पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नशे से आने वाली पीढ़ियां बर्बाद हो रही हैं। उनके मुताबिक, पुलिस को कई बार जानकारी और वीडियो दिए गए, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस दौरान DSP रामगोपाल और IT पार्क थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मिनी भारद्वाज भी मौजूद थे (पढ़ें पूरी खबर)
6. दंपती पर पिटबुल का अटैक, FIR के बाद मालिक की तलाश

पटियाला में मकान देखने पहुंचे कपल पर पिटबुल ने हमला कर दिया। महिला का हाथ और पैर कुत्ते ने बुरी तरह काटा, जबकि उसे बचाने आए पति की जांघ और पीठ पर भी कुत्ते ने हमला किया। घटना के बाद थाना अनाज मंडी पुलिस ने BNS की धारा 291, 125-A और 125-B के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक, फिलहाल कुत्ते के मालिक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि मालिक का पता चलते ही FIR में उसका नाम जोड़ा जाएगा। घटना मंगलवार शाम की है। अंकित सभरवाल अपनी पत्नी के साथ मकान देखने पहुंचे थे। उनके साथ प्रॉपर्टी डीलर भी था। घर का गेट खुलते ही पिटबुल बाहर आया और महिला पर झपट पड़ा। पति ने उसे बचाने की कोशिश की तो कुत्ते ने उस पर भी हमला कर दिया।
दंपती की चीखें सुनकर आसपास के लोग डंडे और वाइपर लेकर पहुंचे। करीब 40-50 बार पीटने के बाद कुत्ता दोनों को छोड़कर घर के अंदर चला गया। घायल दंपती को निजी अस्पताल ले जाया गया। महिला के हाथ की सर्जरी हुई है, जबकि अंकित की जांघ और पीठ पर टांके लगे हैं। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। पुलिस अब कुत्ते के मालिक की पहचान कर रही है (पढ़ें पूरी खबर)
7. बब्बू मान ने सिद्धू मूसेवाला की मुंहबोली बहन का मजाक उड़ाया

पंजाबी सिंगर बब्बू मान का ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन कॉन्सर्ट का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वह एक लेडी सिंगर की नकल करते हुए अपना गाना ‘भीगी पलकों पर नाम तुम्हारा है’ गाते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स इसे पंजाबी सिंगर अफसाना खान से जोड़ रहे हैं। अफसाना मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की मुंहबोली बहन है।
दरअसल, बब्बू मान ने लाइव शो में कहा कि आजकल कई लोग बिना गाने का मिजाज समझे ही गाना शुरू कर देते हैं। इसके बाद उन्होंने ऊंची आवाज में गाने की नकल की और फिर वही गाना अपनी ओरिजिनल आवाज में गाकर सुनाया। फैंस बब्बू मान की इस टिप्पणी को अफसाना खान के करीब 7 साल पुराने एक वीडियो से जोड़ रहे हैं।
इस वीडियो में अफसाना खान बब्बू मान का यही गाना ऊंचे सुर और आक्रामक अंदाज में गाती नजर आती हैं। हालांकि, बब्बू मान ने कॉन्सर्ट में अफसाना खान का नाम नहीं लिया। अफसाना खान पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री की चर्चित सिंगर हैं। उन्हें ‘तितलियां’ और ‘धक्का’ जैसे गानों से बड़ी पहचान मिली। वह ‘बिग बॉस 15’ में भी नजर आ चुकी हैं। हाल में फिल्म ‘धुरंधर’ के गाने को लेकर भी वह चर्चा में रहीं (पढ़ें पूरी खबर)
8. भज्जी बोले- मैं कपिल देव बनना चाहता था

पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने अपनी क्रिकेट जर्नी को याद करते हुए बताया कि वह बचपन में कपिल देव जैसा बनना चाहते थे, लेकिन उनके शरीर की बनावट तेज गेंदबाज बनने के लिए फिट नहीं थी। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि किसी ने उन्हें स्पिन गेंदबाजी करने की सलाह दी। उस समय उन्हें यह तक नहीं पता था कि स्पिन बॉलिंग होती क्या है, लेकिन यह बात उनके दिमाग में बैठ गई और उन्होंने गेंद को घुमाने की कोशिश शुरू कर दी।
हरभजन ने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाले गुरशरण ने भी उन्हें स्पिन गेंदबाजी की सलाह दी थी। उन्होंने इसके लिए गुरशरण का शुक्रिया अदा किया। करीब 30 साल के क्रिकेट करियर को याद करते हुए हरभजन ने कहा कि भारत के लिए 100 टेस्ट खेलना, टेस्ट में हैट्रिक लेना और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक सीरीज में 32 विकेट लेना वाहेगुरु की मेहर और परिवार के त्याग का नतीजा है।
उन्होंने कहा कि इंसान सिर्फ एक माध्यम होता है और असली दिशा ऊपर वाला देता है। हरभजन ने यह भी माना कि अगर उन्होंने गेंदबाजी जितनी गंभीरता बल्लेबाजी में दिखाई होती तो इंटरनेशनल क्रिकेट में ज्यादा रन बना सकते थे। उन्होंने बताया कि करियर के बाद के दौर में उन्होंने बल्लेबाजी पर ध्यान दिया और लगातार दो शतक भी लगाए। 1998 में टेस्ट डेब्यू करने वाले हरभजन ने भारत के लिए 103 टेस्ट खेले और 417 विकेट लिए (पढ़ें पूरी खबर)
खबर विदेश से
9. हमले के बाद पहली बार बोले तलविंदर, बताया- उस दिन क्या हुआ

कनाडा के एडमॉन्टन में वॉलमार्ट के अंदर हमले का शिकार हुए सिख ट्रक ड्राइवर तलविंदर सिंह अटवाल अब पहली बार सामने आए हैं। उन्होंने 6 अगस्त की पूरी घटना बताई। अटवाल के मुताबिक, वह काम के सिलसिले में फोर्ट मैकमरे से एडमॉन्टन आए थे और शाम करीब 7 बजे टैमरैक-वे के वॉलमार्ट में ग्रोसरी लेने पहुंचे थे।
अटवाल ने बताया कि आइल नंबर-1 के पास एक युवक और महिला उनके पास से गुजरे और उनकी सिख पहचान, कपड़ों और दाढ़ी को लेकर आपत्तिजनक बातें करने लगे। उन्होंने पहले दोनों को नजरअंदाज किया। बार-बार बोलने पर उन्होंने पूछा कि वे ऐसा क्यों कर रहे हैं। अटवाल के मुताबिक, इसके बाद युवक ने अचानक उनकी गर्दन पर हाथ मारा और धक्का दिया। फिर उन्हें मुक्का मारा गया।
अटवाल ने बताया कि हाथापाई के दौरान महिला ने भी उन्हें धक्का दिया और युवक ने उनकी दाढ़ी खींची। वह नीचे गिरे तो उनकी दस्तार भी उतर गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में इसी दौरान की मारपीट दिखाई दे रही है। दोनों आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले वहां से चले गए। मामले की जांच एडमॉन्टन पुलिस की हेट क्राइम यूनिट कर रही है (पढ़ें पूरी खबर)
खबर जरा हटके…
10. स्नैपचैट पर लड़की ने ढाई लाख ठगे, पुलिस ने पकड़ा तो लड़का निकला

जगराओं के युवक को स्नैपचैट पर एक लड़की का मैसेज आया। लड़की की आवाज में बात भी हुई। उसे ऑस्ट्रेलिया का वीजा दिलाने का भरोसा दिया गया और इसी झांसे में युवक ने करीब ढाई लाख रुपए गंवा दिए। ठगी के बाद जब पुलिस ने आरोपी को पकड़ा तो पता चला कि जिससे युवक इतने दिन बात कर रहा था, वह लड़की नहीं बल्कि मोहाली का रहने वाला लड़का अमन है।
दरअसल, जगराओं का मनजोत सिंह ऑस्ट्रेलिया जाना चाहता था। 13 मई को उसे स्नैपचैट पर ‘kaurgill8146’ ID से मैसेज आया। सामने वाले ने खुद को बरकत कौर गिल बताते हुए ऑस्ट्रेलिया की NRI बताया। उसने कहा कि एक लड़की का वीजा कैंसिल हो गया है। एजेंट के पास फंसे पैसे बचाने के लिए 45 हजार रुपए देने पर वीजा मनजोत के नाम ट्रांसफर हो सकता है।
भरोसा जीतने के लिए आरोपी अमन ने खुद ही लड़की की दादी बनकर भी मनजोत से फोन पर बात की। इसके बाद IELTS और वीजा के नाम पर 15 से 23 मई के बीच उससे अलग-अलग किस्तों में 2,39,750 रुपए ट्रांसफर करवा लिए। 24 मई को भारत आने की बात कहकर उसने फोन बंद कर दिया। शिकायत के बाद साइबर क्राइम पुलिस ने जांच शुरू की और अमन को गिरफ्तार कर लिया (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
