![]()
जमुई के झाझा थाना क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय ताराकुरा में फुटबॉल को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि ग्रामीणों ने प्रभारी प्रधानाध्यापक कर्मशील कुमार की पिटाई कर दी। घटना 10 अगस्त की दोपहर की बताई जा रही है, जिसका वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। प्रधानाध्यापक ने झाझा थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और सुरक्षा की मांग की है। छात्रा के फुटबॉल ले जाने पर रोका प्रभारी प्रधानाध्यापक कर्मशील कुमार के अनुसार, 10 अगस्त को विद्यालय में मध्याह्न भोजन के दौरान थाली वितरित की जा रही थी। इसी दौरान छठी कक्षा की एक छात्रा कार्यालय से फुटबॉल लेकर जाने लगी। उन्होंने छात्रा से फुटबॉल वापस लेते हुए कहा कि यह खेलने का समय नहीं है। आरोप है कि इसके बाद छात्रा अपने अभिभावकों और करीब दो दर्जन लोगों के साथ विद्यालय पहुंच गई। दो घंटे तक बंधक बनाने और पिटाई का आरोप प्रधानाध्यापक का आरोप है कि ग्रामीणों ने उन्हें करीब दो घंटे तक बंधक बनाए रखा। इस दौरान पहले गाली-गलौज की गई और फिर लाठी-डंडों तथा ईंट-पत्थरों से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया और कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण कागजात इधर-उधर फेंक दिए गए। डायल 112 की सूचना पर पहुंची पुलिस घटना की सूचना किसी अन्य व्यक्ति ने डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और प्रधानाध्यापक को उनके घर तक पहुंचाया। प्रधानाध्यापक ने घटना की जानकारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को दी। बीईओ ने उन्हें थाने में लिखित शिकायत देने की सलाह दी। थाना में आवेदन नहीं लेने का आरोप कर्मशील कुमार ने बताया कि 11 अगस्त को जब वह झाझा थाना पहुंचे तो उनका आवेदन नहीं लिया गया। इसके बाद उन्होंने झाझा एसडीपीओ विकास केशव के सरकारी नंबर पर घटना की जानकारी दी। एसडीपीओ ने एफआईआर दर्ज करने का आश्वासन दिया, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर प्रधानाध्यापक ने ईमेल के जरिए झाझा पुलिस को आवेदन भेजा। उन्होंने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर चुकी है, लेकिन अब तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। एसडीपीओ बोले- मामले की जानकारी लेकर होगी कार्रवाई झाझा एसडीपीओ विकास केशव ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था। उन्होंने कहा कि थानाध्यक्ष से इस संबंध में बात कर जांच की जानकारी ली जाएगी और आगे की कार्रवाई की जाएगी। बीईओ ने भी जानकारी से किया इनकार वहीं, झाझा प्रखंड बीईओ महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है और शिक्षक की ओर से भी अब तक उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
Source link
जमुई में ग्रामीणों ने प्रिंसिपल को पीटा:फुटबॉल लेने से रोका था, लोगों ने 2 घंटे बंधक बनाया, फिर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से हमला
