![]()
मधेपुरा के ग्वालपाड़ा प्रखंड के अरार थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह दो दोस्तों के बीच चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना डेफरा नहर के दक्षिणी बांध पर हुई। मृतक की पहचान सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के लालपुर सरोपट्टी निवासी मणि मंडल के बेटे अनुराग कुमार (30) के रूप में हुई है। वहीं, घायल प्रदीप कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एक ही बाइक से निकले थे दोनों दोस्त अनुराग और प्रदीप एक ही गांव के रहने वाले थे और बचपन से दोस्त थे। बुधवार को दोनों काम के सिलसिले में एक ही बाइक से अरार की ओर गए थे। डेफरा नहर के पास दोनों रुके, जहां नशे के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच मारपीट के बाद चाकूबाजी होने लगी। चाकू छीनकर दोस्त पर किए कई वार पुलिस पूछताछ में घायल प्रदीप ने बताया कि पहले अनुराग ने उस पर चाकू से हमला किया था। इसके बाद उसने अनुराग से चाकू छीन लिया और उसी चाकू से उस पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल अनुराग मौके पर ही गिर गया और उसकी मौत हो गई। घायल हालत में अस्पताल पहुंचा आरोपी उदाकिशुनगंज एसडीपीओ आशीष राज ने बताया कि घटना के बाद प्रदीप ने चाकू घटनास्थल पर ही फेंक दिया। इसके बाद वह अनुराग की बाइक और चप्पल लेकर ग्वालपाड़ा सीएचसी पहुंचा। प्रदीप भी चाकू लगने से घायल था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अस्पताल में पुलिस ने आरोपी को पकड़ा पुलिस ने तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर प्रदीप के घायल होने की जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और उसे अपनी निगरानी में ले लिया। पूछताछ के बाद प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल उसका इलाज पुलिस की निगरानी में चल रहा है। छह महीने पहले हुई थी अनुराग की लव मैरिज अनुराग ने करीब छह महीने पहले ही लव मैरिज की थी। हत्या की सूचना मिलते ही उसकी पत्नी और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे। परिवार वालों को विश्वास नहीं हो रहा था कि जिस दोस्त के साथ अनुराग घर से निकला था, उसी के साथ विवाद के बाद उसकी जान चली गई। एसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम एसडीपीओ ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे अरार थानाध्यक्ष को डेफरा नहर के दक्षिणी बांध किनारे एक युवक की हत्या की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को जानकारी दी गई। एसपी के निर्देश पर मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई, जिसमें अरार थानाध्यक्ष, ग्वालपाड़ा थानाध्यक्ष, अंचल निरीक्षक, एफएसएल और डीआईयू की टीम शामिल थी। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। खून से लथपथ मिले युवक की पहचान अनुराग कुमार के रूप में हुई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। चाकू, मोबाइल और बाइक समेत कई सामान बरामद जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू, मोबाइल, मोटरसाइकिल, खून लगा गमछा और चार चप्पल बरामद की हैं। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मां ने लगाया हत्या का आरोप मृतक की मां ने आरोप लगाया कि बाइक और मोबाइल छीनने के लिए प्रदीप ने उनके बेटे की हत्या की। उन्होंने बताया कि दोनों बचपन से दोस्त थे। मां के अनुसार, प्रदीप गांव में चोरी भी करता था और सूखा नशा का सेवन करता था। पुलिस इन आरोपों और हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की भी जांच कर रही है।
Source link
मधेपुरा में दो दोस्तों के बीच चाकूबाजी:एक की मौत: नशे में विवाद के बाद दोस्त ने चाकू से किए वार; आरोपी अस्पताल से गिरफ्तार
