![]()
औरंगाबाद शहर के बिरटापुर मोहल्ला निवासी ज्वेलर्स हरि नारायण सोनी उर्फ हरि सोनी की शुक्रवार की सुबह वाराणसी के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह बुधवार की मध्य रात्रि बस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुएबेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया था। गुरुवार को डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को देखते हुए ऑपरेशन भी किया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हो सका। हरि सोनी के निधन की खबर मिलते ही शहर में शोक की लहर दौड़ गई। बिरटापुर स्थित उनके आवास पर परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। 20 यात्री हुए थे घायल बुधवार की देर रात वाराणसी से झारखंड के पाटन जा रही हंसराज बस औरंगाबाद ओवरब्रिज के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई थी। बाद में मिली जानकारी के अनुसार बस के ट्रक से टकराने के बाद हादसा हुआ था। दुर्घटना में बस में सवार करीब 20 यात्री घायल हुए थे, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई गई थी। जानकारी के अनुसार हरि नारायण सोनी भी वाराणसी से लौट रहे थे और इसी बस में सवार थे। व्यवसायिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक हरि सोनी की मौत की खबर से व्यवसायिक और सामाजिक क्षेत्र में भी शोक व्याप्त है। नगर परिषद अध्यक्ष उदय कुमार गुप्ता, को-ऑपरेटिव अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, रेड क्रॉस अध्यक्ष सतीश कुमार सिंह, सरस्वती आराध्य समिति अध्यक्ष शिवकुमार गुप्ता, समाजसेवी पंकज वर्मा, संजय गुप्ता, रवि सोनी, पप्पू सोनी, पूर्व पार्षद जितेंद्र पासवान, मनोज गुप्ता और समाजसेवी अजीत चंद्रा समेत कई लोगों ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। स्थानीय लोगों ने कहा कि हरि नारायण सोनी का निधन शहर के लिए अपूरणीय क्षति है। व्यवसाय के साथ सामाजिक गतिविधियों में उनकी सक्रियता और लोगों से उनका आत्मीय जुड़ाव लंबे समय तक याद किया जाएगा। घायल यात्रियों में बघोई गांव निवासी महाराणा सिंह, सीमा कुमारी, बबलू कुमार, सत्य कुमार और बेलमती देवी, भैरोपुर निवासी विजय तिवारी, छतरपुर निवासी मुर्तुजा अंसारी, बस चालक बबलू पांडेय और पिंटू पांडेय समेत अन्य यात्री शामिल थे।
Source link
औरंगाबाद- रोड एक्सीडेंट में घायल ज्वेलर्स की मौत:बस हादसे में घायल हुए थे, वाराणसी में इलाज के दौरान तोड़ा दम
