Headlines

अरवल में बिजली करंट लगने से किसान की मौत:जर्जर ट्रांसफार्मर के संपर्क में आने से हादसा, खेत में सिंचाई करने गए थे




अरवल के करपी थाना क्षेत्र के मुरारी गांव में रविवार को एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई। 35 वर्षीय उपेंद्र साव खेत में सिंचाई करते समय जर्जर ट्रांसफार्मर के संपर्क में आ गए थे। मृतक उपेंद्र साव पुत्र सुधु साव अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। वे मोटर से सिंचाई के लिए पानी की व्यवस्था कर रहे थे। इसी दौरान गांव में लगे ट्रांसफार्मर में बार-बार बिजली की खराबी आ रही थी। इसी समस्या को देखने के लिए उपेंद्र ट्रांसफार्मर के पास गए और अचानक विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गए। करंट लगने के बाद उपेंद्र गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें तुरंत अरवल सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में किया जा रहा है। मृतक के बड़े भाई सुनील साव ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में जर्जर विद्युत व्यवस्था के कारण अक्सर लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ती है। कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर और अन्य बिजली उपकरण खराब स्थिति में हैं, लेकिन विभाग द्वारा समय पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। परिजनों ने विद्युत विभाग से जर्जर ट्रांसफार्मरों और अन्य विद्युत उपकरणों की तत्काल जांच कर उन्हें दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *