![]()
नालंदा के बेरौटी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दिनदहाड़े एक युवक पर जानलेवा हमला और लूटपाट का मामला सामने आया है। हथियारबंद बदमाशों ने युवक की जान लेने की नीयत से देसी कट्टे से फायरिंग की, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद जमकर मारपीट की गई। हाथ में कट्टा लहराते हुए एक आरोपी का वीडियो भी सामने आया है। जो सोशल मीडिय पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना दीपनगर थाना क्षेत्र की है। ‘जान बचाने के लिए भागने लगा तो मारपीट शुरू कर दी’ दीपनगर निवासी अरुण सिंह के पुत्र पीड़ित कन्हैया कुमार ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे अपने घर से बिहारशरीफ जाने के लिए निकला था। घर से महज 10-20 कदम की दूरी पर पहले से घात लगाए बैठे दीपक कुमार और सतेन्द्र सिंह ने जान मारने की नीयत से उन पर सीधे फायरिंग कर दी। मौके से भागकर अपनी जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन निरंजन कुमार उर्फ टुल्ली ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद मारपीट शुरू कर दी। सोने की चेन और अंगूठी छीनने का आरोप कन्हैया कुमार ने आगे बताया कि मारपीट के दौरान ही गुलशन कुमार ने गले से 10 ग्राम सोने की चेन झपट ली, जबकि पंकज कुमार ने उनकी जेब से तीन हजार रुपए नकद निकाल लिए। मौके पर मौजूद निरंजन ने हाथ से 2 ग्राम सोने की अंगूठी भी छीन ली। मदद के लिए जब परिवार के लोग पहुंचे तो दीपक और सत्येन्द्र ने उनके घर पर फायरिंग शुरू कर दी। जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पीड़ित ने सभी नामजद आरोपियों को आपराधिक प्रवृत्ति का बताते हुए पुलिस से त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। वायरल वीडियो पुराना, जांच में जुटी पुलिस हथियार के साथ एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वारयल हो रहा है। जिसे स्थानीय लोग शुक्रवार की वारदात से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने स्पष्ट किया है कि हाथ में कट्टा लिए हुए युवक का वायरल वीडियो पहले का है। कन्हैया कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटना के सभी बिंदुओं पर गहराई से छानबीन कर रही है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Source link
नालंदा- पुरानी रंजिश में युवक पर दिनदहाड़े फायरिंग:मारपीट कर सोने की चेन-अंगूठी छीनने का आरोप; हाथ में कट्टा लिए वीडियो वायरल
