![]()
पूर्णिया के बायसी में बिहार-पश्चिम बंगाल सीमा पर स्थित दालकोला चेक पोस्ट पर गुरुवार को 510 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई पुलिस और मद्यनिषेध विभाग की टीम ने नियमित वाहन जांच के दौरान की। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त स्मैक की कीमत करोड़ों रुपए में बताई जा रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह स्मैक पश्चिम बंगाल के मालदा जिले से पूर्णिया और आसपास के इलाकों में सप्लाई के लिए लाई जा रही थी। साबुनदानी में पैक थीं स्मैक की पुड़िया जानकारी के अनुसार, मद्यनिषेध विभाग और बायसी पुलिस की संयुक्त टीम दालकोला चेक पोस्ट पर नियमित रूप से वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान पश्चिम बंगाल की दिशा से एक तेज़ रफ्तार कार आती दिखी। पुलिस बल ने संदेह के आधार पर कार को रुकने का इशारा किया। वाहन के रुकते ही चालक और उसमें सवार एक अन्य व्यक्ति थोड़े असहज दिखे। पुलिस ने जब कार की गहन तलाशी ली, तो उसमें से 510 ग्राम स्मैक की बड़ी खेप बरामद हुई। तस्करों ने नशे की इस खेप को पुलिस की नजरों से बचाने के लिए छोटे-छोटे प्लास्टिक के साबुनदानी में पुड़िया बनाकर पैक कर रखा था, ताकि इसे आसानी से स्थानीय वितरकों तक पहुँचाया जा सके। मालदा के रहने वाले हैं दोनों आरोपी पुलिस ने मौके से ही कार चालक सहित दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और स्मैक के साथ-साथ तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के निवासियों के रूप में की गई है। स्थानीय तस्करों को सप्लाई करने की थी योजना थाने में की गई प्रारंभिक पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि वे स्मैक की यह खेप मालदा से लेकर चले थे और सीमा पार कर इसे पूर्णिया तथा आसपास के जिलों के स्थानीय तस्करों को सप्लाई करने की योजना थी। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, भेज गए जेल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और अन्य संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आवश्यक कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मुख्य नेटवर्क और फॉरवर्ड-बैकवर्ड लिंकेज की तलाश जारी इस कार्यवाही के बाद पुलिस अब इस पूरे रैकेट के मुख्य सरगना की तलाश में जुट गई है। बायसी पुलिस और जिला प्रशासन यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि यह स्मैक मालदा में किस मुख्य सप्लायर से खरीदी गई थी तथा पूर्णिया और सीमांचल के इलाकों में इसे किन स्थानीय ड्रग डीलरों तक पहुँचाया जाना था । अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार तस्कर केवल केरियर के रूप में काम कर रहे थे। इस सिंडिकेट में शामिल अन्य बड़े चेहरों की पहचान के लिए तकनीकी जांच और आरोपियों के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। नशा तस्करी के खिलाफ प्रशासन सख्त पूर्णिया और सीमांचल का क्षेत्र भौगोलिक रूप से पश्चिम बंगाल और नेपाल की सीमाओं के करीब होने के कारण अक्सर तस्करों के निशाने पर रहता है। जिले में सूखे नशे, स्मैक, ब्राउन शुगर, गांजा और अवैध शराब की तस्करी को रोकने के लिए पुलिस और मद्यनिषेध विभाग लगातार विशेष अभियान चला रहा है। सीमावर्ती क्षेत्रों में सूखा नशा और शराब तस्करी पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए दालकोला चेक पोस्ट सहित सभी अंतरराज्यीय सीमाओं पर वाहन जांच और निगरानी बढ़ा दी गई है। अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
पूर्णिया में स्मैक के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार:साबुनदानी में छुपाकर लाया जा रहा था मादक पदार्थ, दालकोला चेक पोस्ट पर धराए
