Headlines

अररिया में गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड के शव नहर में मिले:गांव से 5 लड़के-लड़कियां भागे, 3 लौट आए; पंचायत बोली- दोनों को कहीं से भी ढूंढकर लाओ




“सोमवार को मेरी 14 साल की भतीजी सितारा घर से गायब हो गई थी। हम लोगों ने उसे काफी तलाश किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। सरपंच साहब ने कहा था कि लड़की जहां भी हो, उसे ढूंढकर गांव लाओ, यह गांव की इज्जत का मामला है। आज उसकी लाश मिली है। मुझे नहीं पता कि उसकी मौत कैसे हुई।” यह कहना है अररिया के महिषाकोल गांव निवासी 55 वर्षीय मोहम्मद कलाम का। दरअसल, गुरुवार शाम भेभड़ा धार के पानी और कीचड़ में एक युवक और एक युवती के शव मिले। दोनों एक ही पंचायत के रहने वाले थे। नगर थाना अध्यक्ष मनीष कुमार रजक ने बताया कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। घटना को लेकर ग्रामीणों और दोनों परिवारों से पूछताछ की जा रही है। युवक-युवती की मौत के पीछे की कहानी क्या है? दोनों घर से क्यों और कहां के लिए निकले? गांव में पंचायत क्यों बुलाई गई? पुलिस ने क्या- क्या बताया पढ़िए पूरी रिपोर्ट… पहले घटना से जुड़ी 2 तस्वीरें देखें कैसे मिली लाश, उससे पहले क्या-क्या हुआ… पढ़िए पूरी कहानी
अररिया के बांसबाड़ी पंचायत से सोमवार को तीन लड़के और दो युवतियां शादी करने की नीयत से नेपाल जाने के लिए घर से निकले थे। पांचों के घर से निकलने के कुछ घंटे बाद एक युवक वापस गांव लौट आया। ग्रामीणों ने पहले उसकी पिटाई की और फिर उससे पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह बाकी चारों के बहकावे में आकर घर से भागा था। इसके बाद ग्रामीणों ने पंचायत बुलाई और उस युवक को पंचायत के सामने पेश किया, जहां उसने बाकी चारों लड़के-लड़कियों की पहचान बताई। मंगलवार सुबह पंचायत में सरपंच ने चारों लड़के-लड़कियों के परिजनों को बुलाया और कहा कि अपने-अपने बच्चों को जल्द घर वापस लाएं। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से गांव की बदनामी होती है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि बच्चे वापस नहीं लौटे तो पंचायत कड़ा फैसला लेगी। सरपंच की यह बात पूरे गांव में फैल गई। शाम होते-होते चार में से एक लड़का और एक लड़की वापस घर लौट आए, लेकिन दो लोग नहीं लौटे। ये दोनों 23 वर्षीय अली हसन और 14 वर्षीय सितारा थे। मछुआरों ने देखा शव, शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया अली और सितारा के परिजन दोनों की रात-दिन तलाश कर रहे थे। तीन दिन बाद, गुरुवार दोपहर गांव के कुछ लोग मरिया धार में मछली पकड़ने के लिए जाल लगाने पहुंचे। इसी दौरान उनकी नजर पानी और कीचड़ में पड़े दो शवों पर पड़ी। मछुआरों ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को बुलाया, जिसके बाद सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद नगर थाना पुलिस, एसडीआरएफ और फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। एसडीआरएफ की टीम करीब तीन घंटे बाद मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बाहर निकाला। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की, जिसके बाद दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। चाचा बोले- पंचायत ने धमकाया, कहा- लड़की को लेकर आओ
मृतका के चाचा ने बताया, “मुझे मंगलवार को पंचायत में बुलाया गया। वहां डांटते-धमकाते हुए कहा गया कि तुम्हारी भतीजी जहां भी हो, उसे बुलाओ। मुझे खुद नहीं पता था कि वह कहां गई है और किसके साथ गई है। पहले से किसी पर कोई शक भी नहीं था। हम लोग उसकी लगातार तलाश कर रहे थे। रिश्तेदारों से भी पूछताछ की, लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली। गुरुवार को गांव में खबर फैली कि मारिया धार में दो शव मिले हैं। लोगों के साथ हम भी वहां पहुंचे तो पता चला कि उनमें एक शव मेरी भतीजी का है और दूसरा गांव के ही युवक अली हसन का है।” वहीं, मृत युवक अली हसन के चाचा ने बताया, “हमें भी पंचायत में बुलाया गया था। पंचायत ने कहा कि बच्चों को ढूंढिए। हम लोग लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन आज अचानक पता चला कि मारिया धार में दोनों के शव मिले हैं। मेरा भतीजा गांव का सबसे शरीफ लड़का था। मुझे लगता है कि गांव के ही कुछ लोगों ने दोनों की हत्या कर शव वहां फेंक दिए हैं। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।” ग्रामीण बोले- डर के कारण दोनों ने आत्महत्या की होगी
गांव के रहने वाले अख्तर ने बताया कि दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग था। वे शादी करने की नीयत से घर से भागे थे, हालांकि युवक पहले से शादीशुदा था। उसकी तीन महीने पहले ही शादी हुई थी। इसके बावजूद वह नाबालिग लड़की को अपने साथ भगा ले गया। उनके साथ तीन अन्य लोग भी घर से भागे थे, जो बाद में वापस लौट आए, लेकिन ये दोनों नहीं लौटे। अब दोनों के शव मिले हैं। मुझे लगता है कि डर के कारण दोनों ने आत्महत्या कर ली होगी। कितने लड़के भागे थे, सभी से पूछताछ की जाएगी
नगर थाना अध्यक्ष मनीष कुमार रजक ने बताया कि पहली नजर में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार करेगी। पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना और हत्या तीनों संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। दोनों परिवारों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है, ताकि लापता होने से लेकर शव मिलने तक की पूरी घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा सकें। उन्होंने बताया, “हम पंचायत के बारे में भी जानकारी हासिल कर रहे हैं। कितने लड़के भागे थे, सभी से पूछताछ की जाएगी।” थाना अध्यक्ष ने यह भी बताया कि गांव में युवक-युवती के लापता होने की सूचना पहले पुलिस को नहीं दी गई थी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *