![]()
भभुआ का 20 साल का एक युवक बुधवार को औरंगाबाद के उत्तर कोयल नहर में डूबकर लापता हो गया। घटना टंडवा थाना क्षेत्र के सिंदुरिया गांव के समीप उत्तर कोयल नहर की है। लापता युवक की पहचान कैमूर (भभुआ) जिले के सोनहन थाना क्षेत्र अंतर्गत हथियाबांध गांव निवासी रविंद्र तिवारी के पुत्र रत्नाकर तिवारी उर्फ बिटाली के रूप में हुई है। बताया गया कि रत्नाकर तिवारी अपने माता-पिता का इकलौता संतान है। जानकारी के अनुसार, रत्नाकर मंगलवार को अपने फूफा सुदर्शन तिवारी के घर सिंदुरिया गांव आया था। बुधवार सुबह करीब 8 बजे वो घर से नहर की ओर निकला, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। काफी इंतजार के बाद परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान नहर के किनारे उसका चप्पल पड़ा मिला, जिससे आशंका जताई गई कि उसका पैर फिसल गया और वह नहर की तेज धारा में बह गया। गोताखोरों की मदद से तलाश जारी नहर किनारे चप्पल मिलने के बाद परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई। तत्काल इसकी सूचना टंडवा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष अजय बहादुर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। स्थानीय गोताखोरों की मदद से उत्तर कोयल नहर में युवक की तलाश शुरू कराई गई। हालांकि, खबर लिखे जाने के वक्त घटना के 8 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद प्रशासन ने खोज अभियान तेज करने के लिए एसडीआरएफ टीम को भी बुलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस लगातार नहर के आसपास के इलाके में छानबीन कर रही है और गोताखोरों की मदद से पानी में खोज अभियान जारी है। घटना की सूचना मिलते ही भभुआ स्थित युवक के पैतृक गांव से भी उसके परिजन सिंदुरिया पहुंच गए। इकलौते बेटे के लापता होने से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ रत्नाकर तिवारी अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसके अचानक नहर में लापता होने की खबर से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। गांव और रिश्तेदारों में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उत्तर कोयल नहर में पानी का बहाव काफी तेज है, जिसके कारण ऐसे हादसों की आशंका बनी रहती है। टंडवा थाना अध्यक्ष अजय बहादुर ने बताया कि युवक के नहर में डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है। मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को भी दे दी गई है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से लगातार खोजबीन कराई जा रही है तथा एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया जा रहा है, ताकि युवक का जल्द पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और खोज अभियान जारी है।
Source link
भभुआ का युवक की औरंगाबाद के नहर में डूबकर लापता:रिश्तेदार के घर आया था, पैर फिसलने से उत्तर कोयल नहर में गिरा; तलाश रही पुलिस
