Headlines

औरंगाबाद में भजन कार्यक्रम में पहुंचे गोलू राजा:बारिश के बीच देर रात तक झूमते रहे दर्शक, भीड़ संभालने के लिए मौजूद रही पुलिस




औरंगाबाद जिला मुख्यालय के धर्मशाला चौक के समीप स्थित गणेश मंदिर में चल रहे 11 दिवसीय गणेश उत्सव के दसवें दिन सुप्रसिद्ध भजन गायक गोलू राजा का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गोलू राजा की प्रस्तुति सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और युवा दर्शक पहुंचे। देर रात तक रिमझिम बारिश होती रही, लेकिन बारिश भी दर्शकों का उत्साह कम नहीं कर सकी। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। जैसे ही गोलू राजा मंच पर पहुंचे, चारों तरफ तालियों की गड़गड़ाहट गूंजने लगी। युवा दर्शक सेल्फी लेने और मोबाइल से वीडियो बनाने के लिए बेताब दिखे। भीड़ इतनी अधिक हो गई कि व्यवस्था संभालने के लिए स्थानीय प्रशासन की मदद लेनी पड़ी। नगर थाना पुलिस के दो दर्जन से अधिक जवानों को सुरक्षा व्यवस्था में अलग-अलग जगहों पर तैनात किया गया था। वहीं गणेश सेवा समिति के सदस्य भी पुलिस के साथ मिलकर भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे रहे। छोटे बाबा के मंच साझा करते ही बढ़ा उत्साह, समिति ने किया कलाकारों को सम्मानित मंच पर पहुंचने के बाद गोलू राजा ने अपने गायन की शुरुआत ‘मिलती है मोहब्बत जिंदगी में कभी-कभी’ गीत से की। इसके बाद उन्होंने ‘तोहरे दिहल ह जिंदगी’, ‘चर्चा रही जिंदगी भर तोहार ये माई’ और ‘काहे न लगवाला पिया हो अमवा के पेड़वा’ सहित कई गीत प्रस्तुत किए। गोलू राजा के गीतों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे। रिमझिम बारिश के बीच भी लोग कार्यक्रम स्थल से हटने को तैयार नहीं थे। हर प्रस्तुति के बाद तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठता था।इसी दौरान भोजपुरी इंडस्ट्री के चर्चित छोटे बाबा ने भी मंच साझा किया। उनके मंच पर पहुंचते ही दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया। युवाओं में सेल्फी और वीडियो बनाने की होड़ देखने को मिली। कार्यक्रम के समापन पर गणेश सेवा समिति के संरक्षक रंजीत कुमार सिंह ने गोलू राजा और उनकी पूरी टीम को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले प्रशासन, पुलिस और श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताया। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी ने गणेश उत्सव की इस सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *