![]()
बक्सर जिले में जुलाई माह के दौरान मानसून कमजोर रहा। पिछले करीब 15 दिनों से बारिश का सिलसिला लगभग थम गया है, जिससे सामान्य से लगभग 7 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने हालांकि 1 अगस्त से 5 अगस्त के बीच अच्छी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश की कमी के कारण उमस और गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। खेतों में नमी कम होने से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। बारिश नहीं होने से जिले के अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। तापमान में अधिक बदलाव नहीं होने के बावजूद उमस के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, इस बार मानसून निर्धारित समय से करीब एक सप्ताह की देरी से जिले में पहुंचा था। शुरुआत में कुछ दिनों तक अच्छी बारिश हुई, लेकिन 12 जुलाई के बाद से बारिश का क्रम लगभग थम गया। आसमान में बादल लगातार दिखाई दे रहे हैं, लेकिन बारिश कराने वाले मौसमीय तंत्र सक्रिय नहीं हो पा रहे हैं। इसके कारण जिले में कई स्थानों पर केवल हल्की या छिटपुट बारिश ही हो रही है। जुलाई माह में जिले में औसतन 277.20 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी, जबकि अब तक केवल 225.25 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। इस तरह सामान्य से लगभग 7 प्रतिशत कम बारिश हुई है। बारिश की कमी का असर खेती पर भी पड़ने लगा है। धान की रोपनी करने वाले किसान पर्याप्त पानी का इंतजार कर रहे हैं, जबकि जिन क्षेत्रों में रोपनी हो चुकी है, वहां खेतों में पानी की कमी महसूस होने लगी है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। विभाग ने 1 अगस्त से 5 अगस्त तक जिले में अच्छी बारिश की संभावना व्यक्त करते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। यदि इस दौरान अच्छी वर्षा होती है तो किसानों के साथ-साथ आम लोगों को भी उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
Source link
बक्सर में जुलाई में सामान्य से 7% कम बारिश:डेढ़ पखवाड़े से कमजोर मानसून, 1 अगस्त से अच्छी वर्षा की उम्मीद
