Headlines

5 दिन का मानसून सत्र खत्म, तेजस्वी क्यों नहीं आए?:15 राजद विधायकों से भास्कर ने किया सवाल, बोले-जब हम हैं तो तेजस्वी की क्या जरूरत




‘सदन जानना चाहता है कि विपक्ष के नेता सुरक्षित हैं, स्वस्थ हैं, कहां हैं। आज तक इन्होंने (राजद) नहीं बताया महोदय। मैं व्यक्तिगत नहीं हो रहा। आज सत्र का अंतिम दिन है और मेरा नेता प्रतिपक्ष गायब है। कोई बताने की स्थिति में नहीं है कि वह कहां हैं। सुरक्षित हैं, स्वस्थ हैं, ये गंभीर विषय है।’ मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के नहीं आने को लेकर ये बातें कहीं। 5 दिन का मानसून सत्र समाप्त हो गया, लेकिन तेजस्वी सदन नहीं आए। राजद के विधायकों को भी पता नहीं कि उनके नेता कहां हैं। तेजस्वी यादव के गायब रहने को लेकर सदन में उठ रहे सवाल को भास्कर ने आगे बढ़ाया। राजद के विधायकों 15 विधायकों से बात की, इनमें सिर्फ एक ने जवाब दिया तेजस्वी कहां है, पढ़िए बाकी विधायकों के जवाब..। आपके सवाल पर हंसी आती है: भाई वीरेन्द्र राजद नेता भाई वीरेंद्र ने कहा, ‘असल में रोज आपलोग पूछते हैं तो हमें हंसी आती है। जब सदन में भाई वीरेन्द्र हैं और आरजेडी के हर विधायक खुद को तेजस्वी यादव समझते हैं तो इस सवाल का क्या मतलब। हमारी सीट तो तेजस्वी यादव की सीट के एकदम बगल में है।’
तेजस्वी पर नहीं मुद्दों पर बात कीजिए: राहुल शर्मा जहानाबाद से राजद विधायक राहुल शर्मा ने कहा, ‘पूरा राज्य जल रहा है और आपलोग अभी तक तेजस्वी यादव क्यों नहीं आए उसी सवाल में फंसे हुए हैं। कम से कम मुद्दों पर बात करना बेहतर होगा।’ तेजस्वी यादव सदन में क्यों नहीं आए इस सवाल पर राजद विधायक और पार्टी के प्रदेश महासचिव रणविजय साहू ने कुछ कहा ही नहीं, सीएजी की रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया दी और तेजी से निकल गए। बिना जरूरत के गलतफहमी नहीं फैलाइए: अनीता देवी आरजेडी की महिला विधायक अनीता देवी ने कहा, ‘आपलोग एक ही सवाल पर अटके हुए हैं। यह प्रश्न पैदा कहां से हो रहा है, आप बताइए? पूरा विपक्ष मजबूत है। हमारे सेनापति काफी मजबूत हैं। एक-एक सिपाही मजबूत है। बिना जरूरत के गलतफहमी नहीं फैलाइए।’ बीमार पिता के पास दिल्ली में हैं तेजस्वी: कुमार सर्वजीत आरजेडी नेता कुमार सर्वजीत ने कहा, ‘राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की तबियत ठीक नहीं है। उनका इलाज दिल्ली में चल रहा है। इसी कारण तेजस्वी यादव दिल्ली में हैं।’ इनके अलावा हमने राजद के 10 विधायकों से डायरेक्ट या फोन पर हुई बातचीत में तेजस्वी के सदन नहीं आने को लेकर सवाल किए। उन्होंने नीट पेपर लीक और दूसरे मुद्दों पर तो बात रखी, लेकिन असल सवाल का जवाब नहीं दिया। अब जानिए तेजस्वी यादव के गायब रहने पर दूसरी पार्टियों ने नेताओं ने क्या कहा भाजपा वालों पर रहम कर रहे हैं तेजस्वी: आईपी गुप्ता महागठबंधन में शामिल आईआईपी पार्टी के सुप्रीमो आईपी गुप्ता से भास्कर रिपोर्टर ने पूछा कि तेजस्वी एक भी दिन सदन में क्यों नहीं आए? आईपी गुप्ता ने जवाब दिया, ‘आपको तेजस्वी यादव की बड़ी चिंता है। जब तेजस्वी यादव सदन में नहीं हैं तो सत्ता पक्ष का ये हाल हमलोग कर दिए। तेजस्वी आएंगे तो सत्ता पक्ष का एक भी विधायक आपको दिखाई देगा क्या! तेजस्वी यादव भाजपा वालों पर रहम कर रहे हैं।’ तेजस्वी को अगली पंक्ति में आकर लड़ाई लड़नी चाहिए: अख्तरुल ईमान बिहार के विपक्षी दलों में शामिल असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के नेता अख्तरुल ईमान ने कहा, ‘लोकतंत्र में विपक्ष की बड़ी भूमिका होती है। विपक्ष के नेता को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए थी। अभी जब बिहार में काले कानून बन रहे हैं, ग्रामीण क्षेत्र में भिखारियों से भी टैक्स लेने की बात कही जा रही है।’ ‘दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश में मजदूरी करने जाने वाले लोगों से भी सरकार टैक्स वसूलने की तैयारी कर रही है। उनके बच्चों को पीने का पानी भी ठीक से नहीं मिल रहा है। ऐसे समय में नेता प्रतिपक्ष को अगली पंक्ति में आकर लोगों के लिए लड़ाई लड़नी चाहिए।’ दरअसल, AIMIM बिहार में विपक्ष में तो है, लेकिन राजद के नेतृत्व वाले महागठबंधन में नहीं। पहले राजद और AIMIM के बीच टकराव था। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के समय ओवैसी के लाख चाहने पर भी तेजस्वी ने उनकी पार्टी को महाठबंधन में शामिल नहीं किया। राज्य सभा चुनाव में अपने उम्मीदवार एडी सिंह के लिए समर्थन मांगने तेजस्वी AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान के आवास पर गए थे। समर्थन भी मिला था। विपक्ष का दूल्हा कहां है पता ही नहीं चल रहा: देवेश कांत सिंह बीजेपी के विधायक देवेश कांत सिंह ने कहा कि हम सरकार में रहकर जनता का सवाल उठा रहे हैं, लेकिन विपक्ष का दूल्हा कहां है पता ही नहीं चल रहा।’ ‘सत्र के अंतिम दिन (शुक्रवार) तक मुझे इंतजार रहा कि तेजस्वी आएंगे। पहले से यह चर्चा थी कि तेजस्वी 24 जुलाई को आएंगे, लेकिन वह अंतिम दिन भी सत्र की बैठक में नहीं आए।’ हे कृपानिधान नेता प्रतिपक्ष आप किस ग्रह पर हैं: नीरज कुमार जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने तंज कसते हुए कहा, ‘पता चला कि तेजस्वी यादव अमेरिका-ईरान और इजरायल के बीच समझौते की मध्यस्थता करने गए हैं।’ ‘तेजस्वी यादव पहले भी सत्र से गायब रह चुके हैं। इस बार तो एक दिन भी नहीं आए। ये गैर जिम्मेदार नेता प्रतिपक्ष हैं, जो पैसा भी ले रहे हैं और सदन के मानसून सत्र से गायब भी रहे हैं। ये राजनीतिक कुंठा की बात है। उनके नहीं आने का कारण किसी को नहीं मालूम। दुनिया के विभिन्न कोने से उनकी तस्वीर आ रही है। हे कृपानिधान नेता प्रतिपक्ष आप किस ग्रह पर हैं बता दीजिए बिहार की जनता को।’ जनादेश का अपमान कर रहे तेजस्वी: श्रवण कुमार जदयू के सीनियर नेता और मंत्री श्रवण कुमार ने कहा, ‘सदन तो चल ही रहा है। सदन की कार्यवाही में सरकार का बिजनेस भी चल रहा है। विपक्ष के नेता आए या नहीं, इससे फर्क नहीं पड़ रहा।’ नेता प्रतिपक्ष पद की गरिमा गिरा रहे तेजस्वी वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण बागी कहते हैं, ‘तेजस्वी यादव संघर्ष से निकले नेता नहीं हैं, न ही सीढ़ी दर सीढ़ी चल कर नेता बने हैं। विरासत में उन्हें राजनीति मिली है। राजनीति को लेकर न उनके अंदर जज्बात है, न वे इसकी गंभीरता समझते हैं। उनकी जिंदगी की प्राथमिकता कुछ और है।’ ‘राजनीति कमिटमेंट की चीज है। कई पॉलिटिकल वर्कर अपनी पूरी जिंदगी लगा देते हैं, घर तक बेच देते हैं, लेकिन कभी कुछ नहीं बन पाते। तेजस्वी को विरासत में पिता लालू यादव की संपत्ति की तरह राजनीति मिल गई है। वे अपने हिसाब से इसका उपभोग कर रहे हैं। इससे नुकसान उनकी पार्टी को हो रहा है। पार्टी की बदनामी हो रही है।’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *