![]()
औरंगाबाद के बभंडीह में संचालित बाल सुधार गृह (सुरक्षित स्थान) का एक वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ किशोर बाल सुधार गृह के अंदर टीवी चलाकर डांस करते और कथित तौर पर नशा करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में धुएं के बीच मस्ती करते किशोरों के दृश्य ने सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और प्रशासनिक जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो औरंगाबाद जिले के बाल सुधार गृह (सुरक्षित स्थान) का है, जहां किशोरों को सुधार और पुनर्वास के उद्देश्य से रखा जाता है। वायरल वीडियो में कुछ किशोर कमरे के भीतर टीवी चलाकर नाचते-गाते नजर आ रहे हैं और कथित रूप से नशे का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं। अगर वीडियो सही पाया जाता है तो यह कई गंभीर सवाल खड़े करता है। आईजी विकास वैभव ने दिए जांच के आदेश वीडियो सामने आने के बाद मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्राप्त वीडियो का सत्यापन कराया जा रहा है। इस संबंध में औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक को समिति के माध्यम से जांच कराने का निर्देश दिया गया है। आईजी ने स्पष्ट कहा कि अगर जांच में वीडियो सही पाया जाता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश भी दिए जाएंगे। फिलहाल प्रशासन जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी निगरानी व्यवस्था पर उठे कई सवाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि कड़ी सुरक्षा वाले सुधार गृह के अंदर मादक पदार्थ आखिर पहुंचा कैसे? किशोरों तक गांजा किसने पहुंचाया? क्या सुरक्षा जांच और निगरानी में लापरवाही हुई? सुधार की जगह यदि किशोरों को नशे जैसी गतिविधियों का अवसर मिल रहा है तो यह पूरे तंत्र की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगाता है। इस घटना के बाद लोगों में भी सुधार गृह की व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
Source link
बाल सुधार गृह में नशा और टीवी चलाकर डांस:वायरल वीडियो से मचा हड़कंप, आईजी विकास वैभव ने दिए जांच के आदेश
