![]()
नालंदा जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र के बस्ती गांव में मंगलवार, 4 अगस्त को शॉर्ट सर्किट से एक घर में आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, बस्ती गांव निवासी मोहम्मद खुर्शीद आलम के घर में आग भड़की थी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। चालक वीरेंद्र कुमार और अग्निक प्रभाकर कुमार ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया। सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि घर के अंदर रखे दो गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा और संभावित विस्फोट टल गया। अस्थावां थाना अध्यक्ष सत्यम कुमार चंद्रवंशी ने रात 8:30 बजे बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की टीम को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया था। उनकी त्वरित कार्रवाई के कारण आग को फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया, जिससे अधिक नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल इस मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
नालंदा में शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग:परिवार सुरक्षित, बस्ती गांव में दमकल की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा
