Headlines

गयाजी में शादी के बाद दुल्हन फरार:मंदिर में सात फेरे लिए, सिंदूर लगाया; कुछ घंटे बाद कैश-गहने लेकर भागी, गाजियाबाद से आया था दुल्हा




​गयाजी में शादी के कुछ घंटों बाद दुल्हन जेवरात और कैश लेकर फरार हो गई। ​मंदिर में पवित्र फेरे हुए। लड़की की मांग में सिंदूर भरा गया। दूल्हे ने दुल्हन को सोने-चांदी के जेवर पहनाए। हर तरफ खुशियों का माहौल था, लेकिन शादी के चंद घंटों बाद ही दुल्हन भाग गई। पीड़ित रविंद्र कुमार उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद खोड़ा कॉलोनी के रहने वाले हैं। इस संबंध में मुफस्सिल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। एजेंट को एक लाख रुपए दिया था जानकारी के मुताबिक एजेंट शकील ने शादी के लिए पीड़ित पक्ष से एक लाख रुपए कैश लिए थे। मंदिर में शादी के बाद उसने कहा कि उसे पहचान पत्र की फोटोकॉपी करानी है। बहाना बनाकर दुल्हन को अपनी बाइक पर बिठाकर ले गया। इसके बाद दोनों वापस नहीं लौटे। काफी देर तक जब दुल्हन और एजेंट नहीं आए तो दूल्हे के भाइयों ने खोजबीन शुरू की। रास्ते में दुल्हन, उसकी बहन और एजेंट मिला। लेकिन वो साथ जाने को तैयार नहीं थी, दुल्हन मौके से एजेंट के साथ भाग निकली। भोले-भाले लोगों को बनाते हैं निशाना दूल्हे के भाई धर्मेंद्र का कहना है कि दोनों के मोबाइल भी तुरंत बंद हो गए। ठगी का अहसास होते ही सीधे मुफस्सिल थाने पहुंचे। थाना परिसर में मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि यह एक संगठित गिरोह है। यह गैंग नाम और पहचान बदल कर भोले-भाले लोगों को शादी के नाम पर ठगता है। अलीगढ़ से जुड़े तार, शॉपिंग भी दूल्हे के खर्चे पर पीड़ित दूल्हा रविंद्र के मुताबिक, अलीगढ़ के एक व्यक्ति ने इस गैंग से संपर्क कराया था। उसने एजेंट के जरिए उन्हें गयाजी बुलाया। यहां युवती और उसके परिवार से मुलाकात कराई गई। शादी तय होने के बाद दुल्हन ने जमकर शॉपिंग की। उसने दूल्हे के खर्चे पर 10 हजार रुपए के कपड़े खरीदे। मेकअप के नाम पर भी 4 हजार रुपए लिए। इसके बाद गयाजी के गांधी मोहल्ला में पूरे हिंदू रीति-रिवाज से शादी संपन्न हुई। रविंद्र और उनके भाइयों ने बताया कि उन्होंने दुल्हन को सोने का मंगलसूत्र, झुमके, चांदी की पायल और बिछिया दिए थे। यही नहीं विदाई से ठीक पहले दुल्हन पक्ष ने शादी के सारे वीडियो और मोबाइल से खींचे गए फोटो तक डिलीट करवा दिए, ताकि पुलिस को कोई सबूत न मिले। पुलिस हिरासत में बहन और बिचौलिया इस हाई-प्रोफाइल लुटेरी दुल्हन कांड में मुफस्सिल थाना पुलिस ने अब कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुल्हन की कथित बड़ी बहन और मुख्य बिचौलिया को हिरासत में ले लिया है। दोनों से गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है। हालांकि, घटना के 24 घंटे से अधिक बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी दुल्हन और एजेंट शकील का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बार-बार बयान बदलने से परेशानी ​पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में ली गई कथित बड़ी बहन बेहद शातिर है। वह पूछताछ में बार-बार अपने बयान बदल रही है। वह पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। इससे जांच टीम को मामले की कड़ियां जोड़ने में काफी परेशानी आ रही है। उधर, थाने में एफआईआर दर्ज होने में हुई देरी से पीड़ित परिवार नाराज दिखा। परेशान होकर दूल्हा रविंद्र कुमार, उनके भाई धर्मेंद्र कुमार और उनका दोस्त वापस गाजियाबाद लौट गए हैं। ‘शादी के लिए कर्ज लिया था’ ​भास्कर से बातचीत में पीड़ित दूल्हे रविंद्र ने अपना दर्द बयां किया। रविंद्र ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। उन्होंने ब्याज पर कर्ज लेकर बिचौलिए को मोटी रकम दी थी। शादी की तैयारियों और कपड़ों-गहनों में भी उनके लाखों रुपए खर्च हो गए। लेकिन कुछ ही घंटों में लुटेरी दुल्हन उनकी पूरी जिंदगी की कमाई, नकदी और जेवर समेटकर चंपत हो गई। ​हर पहलू की जांच जारी है, जल्द होगा खुलासा मुफस्सिल थाना के इंस्पेक्टर देवराज इंद्र ने बताया कि मामला गंभीर है। पुलिस हर एंगल से इस रैकेट की जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में जो भी नए तथ्य सामने आएंगे। उसके आधार पर आगे की छापेमारी की जाएगी। जल्द ही इस गिरोह का पर्दाफाश कर दुल्हन और लूटा गया सामान बरामद कर लिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *