बेगूसराय के एक स्कूल में पोस्टेड BPSC टीचर ने छत्तीसगढ़ के रायपुर में तैनात CRPF जवान पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप लगाया है। शिकायत करने वाली युवती गयाजी की है, जबकि आरोपी पटना के अथमलगोला थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
.
युवती का आरोप है कि दो महीने से न्याय की मांग को लेकर बिहार से लेकर झारखंड के थानों का चक्कर काटने के बाद आखिरकार 13 जुलाई को पटना के अथमलगोला थाने में FIR दर्ज की गई।
5 सितंबर 2025 को पटना के महावीर मंदिर में मेरे और आरोपी के परिवार की मौजूदगी में सगाई हुई थी। इसके बाद आरोपी ने कभी पटना तो कभी और जगह बुलाकर शारीरिक संबंध बनाए। जब मेरे पिता की मौत हो गई तो आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया और अब एक दूसरी लड़की से सगाई कर ली है।
उधर, आरोपी सीआरपीएफ जवान के भाई ने BPSC टीचर की ओर से लगाए गए आरोपों को झूठा बताया है। उन्होंने कहा कि युवती अपने पिता के साथ पटना महावीर मंदिर पर आई। वहीं हम लोगों ने लड़की देखा, लेकिन लड़की पसंद नहीं आई थी। उसके बाद लड़की ने मेरे भाई के बायोडाटा से नंबर निकाल कर फोन करना शुरू कर दिया।
शादी का झांसा देकर रेप का आरोप लगाने वाली युवती ने और क्या कहानी बताई? आरोपी के भाई की ओर से क्या कहानी बताई गई? पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की जा रही है? पढ़िए पूरी रिपोर्ट।

शादी का झांसा देकर रेप मामले की जानकारी देती बीपीएससी टीचर।

पुलिस ने जब कार्रवाई नहीं की तो बीपीएससी टीचर ने थाने में हाथ की नस काट ली।
सबसे पहले जानिए लड़की की ओर से क्या कहानी बताई गई
गयाजी की रहने वाली युवती ने बताया कि मैं बेगूसराय के एक स्कूल में पढ़ाती हूं। पिछले साल मेरे घरवालों ने मेरी सगाई तय की। मुझे बताया गया कि लड़का सीआरपीएफ जवान है, जो रायपुर में पोस्टेड है। इसके बाद पिछले साल 5 सितंबर को अथमलगोला थाना क्षेत्र स्थित बिजरु गांव के रहने वाले अखिलेश सिंह के बेटे मंजीत कुमार के साथ पटना के महावीर मंदिर में सगाई हुई।
सगाई के बाद मेरी मंजीत से बातचीत होने लगी। कुछ दिनों की बातचीत के बाद एक दिन मंजीत ने मुझे शादी की खरीदारी के बहने पटना बुलाया। हम लोग मिले, खरीदारी की और फिर अपने-अपने घर चले आए। इसके बाद बहाना बनाकर मंजीत ने मुझे पटना के कुम्हरार में रहने वाले अपने जीजा के घर बुलाया।
मैं मंजीत के जीजा के घर गई तो वहां से जमशेदपुर ले गया और वहां दो दिन मेरे साथ शारीरिक संबंध बनाया। इस दौरान आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया। इस साल की शुरुआत में मेरे पिता का निधन हो गया। इसके बाद आरोपी मंजीत ने शादी से इनकार कर दिया। अब उसने दूसरी लड़की से सगाई की है।

युवती बोली- FIR दर्ज करने के बजाए सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस
युवती ने बताया कि सबसे पहले मैं जमशेदपुर के टाटानगर थाने में आरोपी मंजीत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने पहुंची थी। पुलिस को मैंने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी ने मुझे अलग-अलग बहाने से कभी पटना तो कभी झारखंड के जमशेदपुर के होटल में बुलाया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज करने के बजाए सीमा विवाद में मामले को उलझाए रखा।
टाटानगर पुलिस ने मेरा आवेदन लेने से इनकार कर दिया। मुझसे पुलिस ने कहा कि आप बिहार की रहने वाली हैं और आरोपी भी बिहार का है। घटना का मुख्य केंद्र भी बिहार है, इसलिए आप वहीं जाकर शिकायत दर्ज कराएं। इसके बाद मैं अथमलगोला थाने में मंजीत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने पहुंची।
पुलिसकर्मियों ने कहा- जो करना है कर लो, थाने में ही हाथ की नस काट ली
युवती के मुताबिक, अथमलगोला थाने की पुलिस ने शुरुआत में केस दर्ज करने से इनकार कर दिया। पुलिस की ओर से कहा गया कि जांच पड़ताल के बाद आपकी शिकायत दर्ज की जाएगी। मैं पुलिस ने न्याय की मांग की तो कहा गया कि जो करना है कर लो। फिर मैंने थाने में ब्लेड से अपने हाथ की नस काट ली। दो महीने तक परेशानी झेलने के बाद पुलिस ने 13 जुलाई को आरोपी मंजीत के खिलाफ FIR दर्ज की है।

आरोपी मंजीत के भाई ने बीपीएससी टीचर के आरोपों को झूठा बताया है।
अब जानिए BPSC टीचर की शिकायत पर आरोपी के परिजन का क्या कहना है?
BPSC टीचर के आरोपों को लेकर आरोपी मंजीत कुमार के भाई अमन कुमार से बात की। उन्होंने कहा कि शादी तय होने के बाद पिछले साल लड़की देखने की बात हुई थी। हम लोग और लड़की के घर वाले पटना महावीर मंदिर पहुंचे थे। यहां लड़के और लड़की को एक दूसरे को दिखाया गया। मेरे भाई ने लड़की को पसंद नहीं किया। हम लोगों ने लड़की के पिता को ये बात बताई और फिर दोनों परिवार घर लौट गए।
आरोपी मंजीत के भाई अमन ने बताया कि घर जाने के बाद लड़की ने मेरे भाई के बायोडाटा से नंबर निकाल कर फोन करना शुरू किया। मंजीत ने मुझे बताया था कि लड़की का कॉल आया था, उसने कहा है कि अगर तुम मुझसे बात नहीं करोगे तो मैं अपनी जान दे दूंगी।
अमन ने बताया कि एक दिन थाने के स्टाफ को लेकर एनजीओ चलाने वाली महिला रूही सिंह मेरे घर पर आई थी। उसने मेरी मां को कहा था कि 5 लाख दीजिए तो इस मामले को समाप्त करवा देंगे। लेकिन हम लोग पैसा देने के लिए तैयार नहीं हुए। रूही सिंह ने हम लोगों को जेल भेजने और भाई की नौकरी खत्म करा देने की धमकी दी।
लड़की जबरदस्ती मेरे भाई से शादी करना चाहती थी। लड़की 5 सितंबर को सगाई होने की बात कह रही है, जो पूरी तरह से झूठ है। इसके बाद मेरे भाई को दूसरी लड़की पसंद आई तो उसकी दूसरी जगह सगाई हुई है।

अथमलगोला थाना में बीपीएससी टीचर की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
अमन के आरोपों पर रूही बोली- पैसे की डिमांड की बात गलत
रूही सिंह ने बताया कि पीड़िता हमारी सहपाठी रह चुकी है। उसके साथ जो हुआ, बहुत गलत हुआ, इसलिए मैं उसके साथ हूं। मैं एक बार सीआरपीएफ जवान के घर गई थी। पुलिस पदाधिकारी मेरे साथ थे, ऐसे में संभव ही नहीं है कि मैं या पीड़िता पैसा की डिमांड करे। हमारे पास सभी साक्ष्य उपलब्ध हैं और समय पर इसका जवाब दूंगी।
डीएसपी बोले- जांच जारी है, जल्द होगी कार्रवाई
बाढ़ डीएसपी रामकृष्ण ने कहा है कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पीड़िता गयाजी की रहने वाली है और बेगूसराय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत है। उसका कहना है कि दोनों की सगाई हुई थी, जो बाद में किसी कारणवश टूट गई।
घटना अथमलगोला थाना क्षेत्र की सीमा के भीतर नहीं हुई हैं। आरोपी इस क्षेत्र का निवासी है। पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
