Headlines

कटिहार में स्टेशन मास्टर्स का डीआरएम कार्यालय पर धरना:सुरक्षा और लंबित मांगों को लेकर रेलवे बोर्ड को सौंपा ज्ञापन




ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन (AISMA) की कटिहार मंडल इकाई ने सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय के समक्ष शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। स्टेशन मास्टर्स ने ड्यूटी के दौरान आगरा कैंट के उप स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र सिंह चाहर पर हुए हमले का विरोध जताया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मंडल रेल प्रबंधक के माध्यम से रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में स्टेशन मास्टर संवर्ग में रिक्त पदों को शीघ्र भरने और 12 घंटे की ईआई (EI) रोस्टर प्रणाली समाप्त करने की प्रमुख मांगें शामिल थीं। अन्य मांगों में रात्रि ड्यूटी में सभी पात्र कर्मचारियों को समान अवसर देना तथा आईआरटी/आईडीटी (IRT/IDT) स्थानांतरण प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना शामिल था। एसोसिएशन ने रेलवे कर्मचारियों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त कार्य वातावरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्रीय कार्यकारिणी समिति (CEC) के निर्देशानुसार यह आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से तब तक जारी रहेगा, जब तक आगरा कैंट की घटना के दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती और स्टेशन मास्टर्स की लंबित एवं जायज मांगों का समाधान नहीं किया जाता। धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश कुमार, उपाध्यक्ष आकाशदीप तथा सचिव बी.एम.पी. श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर जितेंद्र कुमार जायसवाल, राजेश मंडल, संजीत ठाकुर, बी. महतो, रोबिन सिंह, अशोक रजक, आर.एस. रजक, एस.के. सुमन, सचिन कुमार, आनंद रंजन, मुकेश कुमार, संजय सिंह, फिरोज खान समेत बड़ी संख्या में स्टेशन मास्टर्स मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *