![]()
मधुबनी शहर में सोमवार सुबह करीब 9:15 बजे शंकर चौक से किशोरी लाल चौक तक भीषण ट्रैफिक जाम लग गया। विशेषकर बड़ा बाजार क्षेत्र में स्थानीय अतिक्रमणकारियों द्वारा सड़क पर कब्जा और वाहन चालकों द्वारा यातायात नियमों की अनदेखी इस जाम का मुख्य कारण बनी। जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पैदल राहगीरों, छात्रों, मरीजों के परिजनों और अन्य आवश्यक कार्यों से निकले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य सड़क के दोनों किनारों पर अतिक्रमण के कारण सड़क पहले ही संकरी हो गई है। इसके अतिरिक्त, कई वाहन चालक मनमाने ढंग से वाहन खड़े कर देते हैं और गलत दिशा से वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न होती रहती है। अपने भाई के लिए दवा खरीदने जा रहे श्याम कुमार ने बताया कि जाम के कारण उन्हें काफी परेशानी हुई और समय पर दवा न पहुंचने से मरीज को कठिनाई हो सकती है। वहीं, कोचिंग पढ़ने जा रहे छात्र सुमन कुमार और छात्रा गुड़िया कुमारी ने कहा कि जाम में फंसने से उन्हें कोचिंग छूटने की चिंता सता रही है। मामले पर मधुबनी ट्रैफिक इंस्पेक्टर नीलमणि रंजन ने बताया कि जाम की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी। इंस्पेक्टर रंजन ने यह भी स्पष्ट किया कि सड़क पर अतिक्रमण करने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से नियमित अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की मांग की है, ताकि शहरवासियों को बार-बार जाम की समस्या से राहत मिल सके।
Source link
मधुबनी के बड़ा बाजार में लगा लंबा जाम:स्कूल, अस्पताल और बाजार जाने वाले लोग हुए परेशान, लोगों ने व्यवस्था सुधारने की मांग की
