Headlines

नवादा के निजी अस्पताल में महिला की मौत:परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगा अस्पताल में की तोड़फोड़




नवादा शहर के अंबेडकर नगर स्थित मेट्रो हॉस्पिटल में रविवार को एक महिला की मौत के बाद जमकर बवाल हो गया। महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल में तोड़फोड़ की। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस समेत कई पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। मृतका की पहचान नेमदारगंज थाना क्षेत्र के मानक गांव निवासी लालजीत चौहान की लगभग 45 वर्षीय पत्नी गीता देवी के रूप में हुई है। गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप परिजनों के अनुसार, गीता देवी को बच्चेदानी के ऑपरेशन के लिए शनिवार को एक परिचित के माध्यम से निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। मृतका के परिवार वालों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि जब महिला की तबीयत बिगड़ रही थी, तब समय पर देखने और उचित इलाज करने में लापरवाही की गई। महिला की मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। सभी पहलुओं को देखा जा रहा – पुलिस घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस और अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी लेते हुए अस्पताल प्रबंधन और परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की मौत के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को देखा जा रहा है। फिलहाल गीता देवी का शव उसी मेट्रो हॉस्पिटल में रखा गया है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया में जुटी है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद महिला की मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस अस्पताल में हुई तोड़फोड़ और महिला की मौत, दोनों मामलों की अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *