![]()
मोतिहारी के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र में बूढ़ी गंडक नदी में डूबे 13 वर्षीय छात्र प्रिंस कुमार का शव 28 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है। पिपरा थाना क्षेत्र के चकनिया घाट के समीप नदी किनारे रविवार को एनडीआरएफ के खोज अभियान के बाद शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेजा। मृतक प्रिंस पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के चोरमा पंचायत निवासी मोहन राय का पुत्र था। जानकारी के अनुसार, प्रिंस शनिवार को अपने दोस्तों के साथ सिरहा पंचायत के इटवा घाट पर बूढ़ी गंडक नदी में नहाने गया था। स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन ने एनडीआरएफ टीम को बुलाया, जिसने तुरंत तलाश अभियान शुरू किया। रविवार को घटना के लगभग 28 घंटे बाद पिपरा थाना क्षेत्र के चकनिया घाट के पास नदी किनारे उसका शव तैरता हुआ मिला। पकड़ीदयाल पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कीं। घर से 3 किलोमीटर दूर हुआ हादसा मृतक के पिता मोहन राय ने बताया कि उनका बेटा दोस्तों के साथ घर से लगभग तीन किलोमीटर दूर नदी में नहाने गया था। उन्होंने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि खोज अभियान के दौरान वह जीवित मिल जाएगा। एनडीआरएफ की सहायता से खोजबीन पकड़ीदयाल थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने पुष्टि की कि शनिवार को नदी में एक नाबालिग के डूबने की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ की सहायता से लगातार खोजबीन की गई और रविवार को शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। प्रिंस कुमार अपने दो भाई और दो बहनों में सबसे छोटा था। वह स्थानीय विद्यालय में सातवीं कक्षा का छात्र था।
Source link
बूढ़ी गंडक में डूबे 13 वर्षीय छात्र का शव बरामद:मोतिहारी में 28 घंटे बाद मिला,दोस्तों के साथ इटवा घाट नहाने गया था
