इंदौर3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

ये तस्वीर जीतू पटवारी के भाई की। सट्टा और ड्रग्स केस में पुलिस ने हिरासत में लिया था।
मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी एक बार फिर इंदौर पुलिस के रडार पर हैं। सट्टा-मटका केस में पुलिस उन्हें दोबारा हिरासत में लेकर पूछताछ कर सकती है। नाना के मोबाइल से मिले सट्टा एप के डिजिटल सुरागों का कनेक्शन दुबई तक पहुंचा है।
पुलिस के मुताबिक, नाना के मोबाइल में दो ऑनलाइन सट्टा एप मिले थे। नाना ने क्रिकेट बेटिंग के लिए सौम्य प्रीत शिंदे से ID ली थी, जिन्हें बाद में डिलीट कर दिया गया। इन्हीं सुरागों से मनीष पमनानी, पिंकेश माहेश्वरी और बंटी असरानी समेत कई लोगों के कनेक्शन सामने आए हैं।
राजेंद्र नगर पुलिस ने शुक्रवार को राहुल निंबोला, सौम्य प्रीत शिंदे और धर्मेंद्र खींची को गिरफ्तार किया। मामले में अब तक 12 आरोपी पकड़े जा चुके हैं और पुलिस ने संगठित सट्टा संचालन के साथ आईटी एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई हैं।

नाना के मोबाइल से खुली नई कड़ी
इंदौर डीसीपी जोन-2 नरेंद्र रावत के मुताबिक, पुलिस ने नाना के मोबाइल से मिले डिजिटल साक्ष्यों और अन्य कड़ियों को खंगाला तो बड़े सट्टेबाजों के नाम सामने आए। इनमें मनीष पमनानी, पिंकेश माहेश्वरी और बंटी असरानी सहित अन्य लोगों से जुड़े लिंक की जांच की जा रही है।
जांच में सामने आया कि नाना पटवारी को क्रिकेट पर ऑनलाइन सट्टा खेलने के लिए एप्लीकेशन और आईडी उपलब्ध कराने की कड़ी सौम्य प्रीत शिंदे तक पहुंची। पुलिस ने शुक्रवार को शिंदे को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, शिंदे ने अपने मोबाइल नंबर और आईडी से नाना को सट्टा खेलने से संबंधित एप और लिंक उपलब्ध कराए थे। इसी कड़ी के आधार पर पुलिस ने नेटवर्क के दूसरे सदस्यों की भूमिका खंगालना शुरू किया।
दुबई और दूसरे देशों से ऑपरेट हो रहा नेटवर्क
डीसीपी जोन-2 के मुताबिक, जांच में ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क का विदेशी कनेक्शन भी सामने आया है। गिरोह के कुछ सदस्य दुबई और दूसरे देशों में बैठे सट्टेबाजों के सीधे संपर्क में थे। विदेशी सट्टेबाज एप और वेबसाइट की लिंक अपने एजेंटों और बुकियों तक पहुंचाते थे।

शुक्रवार को 3 गिरफ्तारियां, कई कनेक्शन मिले
डीसीपी जोन-2 ने बताया- शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों में राहुल निंबोला राजेंद्र नगर क्षेत्र का रहने वाला है। सौम्य प्रीत शिंदे की भूमिका नाना तक सट्टा एप और आईडी पहुंचाने की कड़ी के रूप में सामने आई है।
वहीं, धर्मेंद्र खींची रावजी बाजार क्षेत्र का पुराना बदमाश बताया गया है। धर्मेंद्र खींची और राहुल निंबोला के विदेश में बैठे सट्टेबाजों से सीधे संपर्क की भी जांच की जा रही है। इसके अलावा जूनी इंदौर के किक्का के कनेक्शन को भी पुलिस खंगाल रही है।
अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार
एसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को पकड़ा गया। आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के साथ BNS की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। संगठित तरीके से सट्टा संचालन और आईटी एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।

दंडोतिया के मुताबिक, नाना पटवारी का नाम नेटवर्क की कड़ियों से जुड़ने के बाद पुलिस उनकी भूमिका की जांच कर रही है। जांच में जिसके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलेंगे, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच में कुछ और नाम भी सामने आए हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।


…………………………………..
ये खबर भी पढ़ें…
जीतू-पटवारी के भाई के फोन में मिली सटोरियों की ID

इंदौर के राजेंद्र नगर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, तीनों के तार कांग्रेस नेता जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी से जुड़े हैं। कोर्ट में पेश करने के बाद तीनों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।पूरी खबर पढ़ें

