![]()
किशनगंज पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने जिले में पुलिसकर्मियों की कार्यशैली और आमजन से जुड़ाव को बेहतर बनाने के लिए एक नई पहल शुरू की है। इसके तहत पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के लिए मॉर्निंग गश्ती तथा गुड मॉर्निंग वॉक की शुरुआत की गई है। एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि रात्रि और आपातकालीन ड्यूटी को छोड़कर, अपने थाना/प्रतिष्ठान में पदस्थापित दो-तिहाई पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को प्रतिदिन सुबह 5 बजे से 6:45 बजे तक (कुल 1 घंटा 45 मिनट) अनिवार्य रूप से मॉर्निंग गश्ती और गुड मॉर्निंग वॉक कराया जाए। असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाना लक्ष्य इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों के शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक तंदुरुस्ती और कार्यक्षमता को मजबूत करना है। साथ ही, आमजनमानस के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध स्थापित करना और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाना भी इसके लक्ष्यों में शामिल है। पुलिस पदाधिकारियों को पीटी ड्रेस, ट्रैक सूट या वॉकिंग यूनिफॉर्म में अपने क्षेत्र के पार्क, मुख्य मार्ग, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, धार्मिक स्थल, शैक्षणिक संस्थानों, कोचिंग जाने वाले मार्गों, वृद्ध एवं महिलाओं के प्रातः भ्रमण मार्ग और अन्य चिन्हित स्थानों पर भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया गया है। कॉलेज के मार्गों पर गश्ती करने का निर्देश गश्ती के दौरान पुलिसकर्मियों को आम नागरिकों, वरिष्ठ नागरिकों और व्यापारियों का अभिवादन कर उनसे संवाद स्थापित करना होगा। महिला थाना को विशेष रूप से विद्यालय, कोचिंग सेंटर, गर्ल्स हॉस्टल और कॉलेज के मार्गों पर गश्ती करने का निर्देश दिया गया है। एसपी ने यह भी कहा है कि इस अवधि में आम नागरिकों से सुरक्षा संबंधी प्रतिक्रिया या फीडबैक ली जाए। इसका उद्देश्य लोगों में सुरक्षा का भाव बढ़ाना और पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करना है। सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक और अंचल निरीक्षकों को स्वयं भ्रमणशील रहकर इस आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
Source link
किशनगंज एसपी ने मॉर्निंग गश्ती शुरू की:पुलिसकर्मियों के लिए गुड मॉर्निंग वॉक का भी निर्देश, महिला थाना हॉस्टल-कॉलेज के मार्गों पर करेगी निगरानी
