Headlines

सुपौल में 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत:रील बनाने से मना करने पर कमरे में गई थी; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सैंपल




सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के बरहकुड़वा वार्ड-9 में 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान बरहकुड़वा वार्ड-9 निवासी संतोष सादा की पुत्री सोनी कुमारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना रविवार को पुलिस को मिली। इसके बाद थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। रील बनाने से मना किया तो कमरे में चली गई
परिजनों के अनुसार, सोनी मोबाइल पर रील बनाने और देखने में काफी समय बिताती थी। शनिवार रात परिजनों ने उसे रील बनाने से मना किया था। इससे नाराज होकर वह अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। परिजनों का दावा है कि इसी दौरान उसने अपनी ओढ़नी से गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रेम प्रसंग की भी गांव में चर्चा
हालांकि, घटना को लेकर गांव में अलग-अलग चर्चाएं हैं। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि किशोरी का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग था और प्रेमी से कहासुनी के बाद उसने यह कदम उठाया। हालांकि, पुलिस ने प्रेम प्रसंग से जुड़ी इन चर्चाओं की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या है, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। थानाध्यक्ष बोले- प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध
त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने रविवार शाम करीब 3 बजे बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। अब तक परिजनों की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सैंपल
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक सैंपल जुटाए। पुलिस ने बताया कि सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किशोरी ने आत्महत्या की थी या उसकी मौत के पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *