Headlines

सांसद संजय झा से मिले मंदिर कमेटी के सदस्य:राम जानकी ठाकुरबाड़ी कसेरा कुटी के संरक्षण की मांग, सौंपा ज्ञापन




मधुबनी शहर के वार्ड संख्या 12 स्थित ऐतिहासिक राम जानकी ठाकुरबाड़ी कसेरा कुटी मंदिर की धरोहर के संरक्षण और समुचित विकास को लेकर मंदिर कमेटी के सदस्यों ने राज्यसभा सांसद संजय झा से मुलाकात की। यह मुलाकात रविवार को मधुबनी जिले के अररिया संग्राम स्थित सांसद के पैतृक आवास पर हुई। कमेटी के अध्यक्ष सुजीत कुमार के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने सांसद संजय झा को मंदिर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व से अवगत कराया। सदस्यों ने मंदिर की पुरानी धरोहर और धार्मिक स्वरूप को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक पहल करने की अपील की। प्रतिनिधिमंडल ने मंदिर के बेहतर रखरखाव, सौंदर्यीकरण तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में विकास कार्य कराने का अनुरोध किया। साथ ही, मंदिर के व्यवस्थित संचालन एवं विकास के लिए नई कमेटी के गठन की आवश्यकता पर भी सांसद का ध्यान आकृष्ट कराया गया। सदस्यों ने कहा कि मंदिर की ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए इसे धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों का बेहतर केंद्र बनाया जा सकता है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जाने की आवश्यकता है। राज्यसभा सांसद संजय झा ने मंदिर कमेटी के सदस्यों की बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने राम जानकी ठाकुरबाड़ी कसेरा कुटी की धरोहर के संरक्षण एवं विकास को लेकर हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सुजीत कुमार ने बताया कि राम जानकी ठाकुरबाड़ी कसेरा कुटी की ऐतिहासिक एवं धार्मिक पहचान को सुरक्षित रखना कमेटी की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सांसद संजय झा से मुलाकात कर मंदिर की धरोहर बचाने तथा विकास के लिए पहल करने का आग्रह किया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *