![]()
मुंगेर जिले के मुंगेर-बरियारपुर मुख्य पथ एनएच 80 पर रविवार सुबह बोचाही के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में दरभंगा के चार और मुजफ्फरपुर का एक कांवरिया घायल हो गया। यातायात पुलिस ने गश्ती वाहन से सभी घायल कांवरियों को इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में मुजफ्फरपुर के भुवनेश्वर शर्मा (65), दरभंगा के छट्ठू शर्मा (60), शोभित यादव (60), बैजनाथ यादव (46) और राम लखन यादव (50) शामिल हैं। इनमें छट्ठू शर्मा और शोभित यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर रेफर किया जा सकता है। सभी का इलाज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है। बोचाही के पास वन-वे सड़क पर खड़े कांवरिया वाहन को पीछे से मारी टक्कर घटना के संबंध में यातायात डीएसपी प्रभात रंजन ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दरभंगा से सुल्तानगंज जा रहा कांवरिया वाहन बोचाही के समीप दुर्घटनाग्रस्त हुआ। एनएचएआई विभाग ने पुलिया के पास जर्जर सड़क की मरम्मत के लिए लगभग एक महीने पहले ढलाई कर उसे घेर दिया था, जिसके कारण वाहनों का परिचालन वन-वे किया जा रहा था। डीएसपी के अनुसार, जाम के कारण कांवरिया वाहन अपनी लेन में खड़ा था। तभी पीछे से आ रहे एक पार्सल वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर से वाहन के अंदर बैठे सभी कांवरिया घायल हो गए। सूचना मिलने पर यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।
Source link
मुंगेर में कांवरियों का वाहन दुर्घटनाग्रस्त:5 लोग घायल, यातायात पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, वन-वे सड़क बनी कारण
