![]()
बांकीपुर के विधायक और जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर का शनिवार को दरभंगा के सिंहवाड़ा और केवटी में कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। स्वागत के दौरान लोगों ने प्रशांत किशोर को मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग, चादर और फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान समर्थकों ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रशांत किशोर को बड़ी सफलता मिलेगी और उन्हें बिहार का नेतृत्व करने का अवसर प्राप्त होगा। लोगों के स्वागत पर प्रशांत किशोर ने सभी से जुड़े रहने का आश्वासन देते हुए कहा कि बिहार के विकास के लिए जो भी संभव होगा, वह करेंगे। प्रशांत किशोर पटना से मधुबनी जिले के रहिका प्रखंड स्थित बलाट गांव जा रहे थे। वे मंडल कारा में इलाज के दौरान मृत 20 साल के रौशन कुमार यादव के परिजनों से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा प्रखंड के सिमरी चौक और केवटी प्रखंड के रनवे चौक पर जन सुराज कार्यकर्ताओं एवं प्रशांत किशोर की विचारधारा से जुड़े समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया। प्रशांत बोले- जल्द ही मिथिलांचल का दौरा कर विकास के मुद्दे उठाऊंगा जनसुराज के प्रदेश महासचिव समीउल्लाह खां उर्फ शमीम ने बताया कि प्रशांत किशोर मधुबनी जिले के रहिका प्रखंड के बलाट गांव निवासी रामदयाल यादव के पुत्र रौशन कुमार यादव के परिजनों से मिलने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रौशन की मंडल कारा में मौत हुई है और प्रशांत किशोर उसके परिजनों से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त करना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि प्रशांत किशोर ने कहा है कि जल्द ही मिथिलांचल का दौरा कर स्थानीय समस्याओं और जन मुद्दों को समझेंगे तथा क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। स्वागत करने पहुंचे स्थानीय समाजसेवी इकबाल अंसारी ने कहा कि उन्होंने प्रशांत किशोर का ध्यान क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार के मुद्दे की ओर आकृष्ट कराया। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की गई है। इकबाल अंसारी ने कहा कि उन्होंने इस पूरे मामले को प्रशांत किशोर के संज्ञान में दिया है और उन्होंने उनकी बात को गंभीरता से सुना। मंडल कारा में इलाज के दौरान हुई थी रौशन की मौत मधुबनी जिले के राजनगर थाना क्षेत्र स्थित मंडल कारा, रामपट्टी में बंद रौशन कुमार यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मृतक के परिजनों ने जेल में मारपीट कर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों के अनुसार, मौत से करीब तीन दिन पहले वे रौशन से मिलने जेल गए थे, तब उसकी तबीयत सामान्य थी। बाद में सोमवार को पुलिस की ओर से फोन कर उन्हें रौशन की मौत की जानकारी दी गई। रहिका थाना में दर्ज आर्म्स एक्ट के मामले में मंडल कारा भेजा गया था रौशन पुलिस के अनुसार, रौशन को करीब दो महीने पहले रहिका थाना में दर्ज आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार कर मंडल कारा भेजा गया था। जेल प्रशासन के अनुसार, तबीयत बिगड़ने पर उसका इलाज कराया गया। स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेजा गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत के बाद परिजनों ने रौशन के शरीर पर चोट के निशान होने का दावा किया। उन्होंने गले पर भी निशान होने की बात कही और उसके साथ मारपीट किए जाने की आशंका जताई। घटना के बाद पुलिस टीम सदर अस्पताल पहुंची। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। प्रशासन की ओर से पोस्टमार्टम की निगरानी के लिए मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई और मेडिकल टीम ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। रहिका थाना पुलिस के अनुसार, रौशन कुमार यादव के पास से हथियार बरामद किया गया था और उसके पूर्व आपराधिक इतिहास की भी जानकारी पुलिस ने दी थी। मौत की घटना के बाद प्रशांत किशोर ने उसके माता-पिता से मिलने का निर्णय लिया और शनिवार को पटना से बलाट गांव के लिए रवाना हुए।
Source link
दरभंगा में बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर का भव्य स्वागत:मंडल कारा में इलाज के दौरान मृत युवक के घर मधुबनी हुए रवाना, बोले- विकास के लिए हर प्रयास करूंगा
