Headlines

किशनगंज में 15 वर्षीय किशोर रमजान नदी में डूबा:नहाने के दौरान हुई मौत, गोताखोरों ने निकाला शव; परिजनों ले गए अस्पताल




किशनगंज के टेंगरमारी गांव में मंगलवार को रमजान नदी में नहाने के दौरान 15 वर्षीय राहुल अंसारी की डूबने से मौत हो गई। राहुल टेंगरमारी गांव के वार्ड संख्या-03 निवासी खतेबुल अंसारी का पुत्र था। मिली जानकारी के अनुसार, राहुल अंसारी टेंगरमारी और काशीपुर के बीच बहने वाली रमजान नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत परिजनों और स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी। घटना की जानकारी अंचलाधिकारी राहुल कुमार को भी दी गई, जिसके बाद प्रशासन ने एसडीआरएफ टीम को सूचित किया। हालांकि, एसडीआरएफ टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय गोताखोरों ने नदी में राहुल की तलाश शुरू कर दी थी। काफी मशक्कत के बाद स्थानीय गोताखोर राहुल अंसारी को पानी से बाहर निकालने में सफल रहे। परिजनों ने बताया कि नदी से बाहर निकालने के समय राहुल की सांस चल रही थी। इसके बाद परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए। सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद राहुल अंसारी को मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में दुख छा गया। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस भी सदर अस्पताल पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और फिर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने नदी में नहाने के दौरान सावधानी बरतने और गहरे पानी वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *