Headlines

जहानाबाद में ऑटो पलटा:पानी भरे गड्ढे में अनियंत्रित होकर हुआ हादसा, बच्ची सहित तीन लोग घायल




जहानाबाद जिले के परस बिगहा थाना क्षेत्र के नेहालपुर गांव के पास मंगलवार को एक सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक ऑटो अनियंत्रित होकर पानी और कीचड़ से भरे गहरे गड्ढे में पलट गई। इस दुर्घटना में एक बच्ची सहित एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, सभी यात्री अनतपुरा गांव से जहानाबाद की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में यह घटना हुई। स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ऑटो में कई यात्री सवार थे। नेहालपुर गांव के पास सड़क किनारे जलभराव वाले क्षेत्र से गुजरते समय चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। सड़क के किनारे बने गहरे गड्ढे में पानी भरा था, जिसमें ऑटो पलट गई। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। यात्रियों की आवाजें सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पानी और कीचड़ से भरे गड्ढे में फंसी ऑटो से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में घायल बच्ची ममता कुमारी को उसकी गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। अन्य घायलों को भी प्राथमिक उपचार दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही परस बिगहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को जब्त कर थाने ले गई है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क की खराब स्थिति, गहरे गड्ढों और जलभराव को दुर्घटना का मुख्य कारण बताया है। उन्होंने प्रशासन से सड़क की शीघ्र मरम्मत और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *