Headlines

नालंदा की पल्लवी ने 'जैवलिन थ्रो' में जीता कांस्य पदक:सीमित संसाधनों के बावजूद कभी हार नहीं मानी, 5 भाई दिल्ली में मजदूरी करते हैं




पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में ‘नीरज चोपड़ा जैवलिन डे’ के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में नालंदा की बेटी ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। पल्लवी कुमारी ने अंडर-20 बालिका जैवलिन थ्रो (भाला फेंक) स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक पर कब्जा जमाया है। तंगहाली को मात देकर गढ़ी सफलता की कहानी घर में सबसे छोटी पल्लवी की यह जीत उनके संघर्ष और दृढ़ इच्छाशक्ति की मिसाल है। हरनौत प्रखंड के सामना निवासी पल्लवी साधारण परिवार से आती हैं। पिता विलास यादव के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनकी माता गीता देवी और 5 भाइयों पर आ गई। सभी भाई दिल्ली में मजदूरी करते हैं। सीमित संसाधनों और आर्थिक तंगी के बावजूद कभी हार नहीं मानी। अपनी मेहनत के दम पर खेल के मैदान में अलग पहचान बनाई है। समर कैंप से शुरू हुआ था सफर प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल में कक्षा 12वीं की छात्रा पल्लवी ने साल 2024 में ‘नालंदा लक्ष्य खेल अकादमी’ के समर कैंप में पहली बार जैवलिन थ्रो का प्रशिक्षण लेना शुरू किया। वर्तमान में वह हरनौत स्थित इसी अकादमी में कोच और सचिव कुंदन कुमार पांडेय के कुशल मार्गदर्शन में नियमित रूप से पसीना बहा रही हैं। लगातार पदकों पर निशाना साध रही हैं पल्लवी नालंदा जिला एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2024 और 2025 (अंडर-18) में स्वर्ण पदक जीता। 2026 (अंडर-20) में भी गोल्ड मेडल अपने नाम किया। बिहार राज्य एथलेटिक्स चैंपियनशिप के 90वें और 91वें संस्करण (अंडर-18) में कांस्य पदक जीतने के बाद, अब 92वीं राज्य चैंपियनशिप (अंडर-20) में भी उन्होंने कांस्य पदक जीतकर अपनी निरंतरता साबित की है। कोच और खेल प्रेमियों ने दी बधाई इस शानदार उपलब्धि पर नालंदा लक्ष्य खेल अकादमी के सचिव सह कोच कुंदन कुमार पांडेय ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि पल्लवी की सफलता उनके निरंतर अभ्यास, कठोर अनुशासन और अटूट आत्मविश्वास का परिणाम है। मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बिहार और देश का नाम रोशन करेगी। पल्लवी की इस स्वर्णिम सफलता पर डॉ. सुभाष कुमार, रवि कुमार, प्रमोद कुमार, सतनाम कबीर, ज्ञानेश कुमार, विनय कुमार, चंदा कुमारी, चंद्र कुमार, ओम प्रकाश कुमार, विकास कुमार सहित जिले के कई खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने बधाई दी है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई है कि यह कांस्य पदक आने वाले दिनों में स्वर्ण में तब्दील होगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *