कैमूर के मोहनिया में मानसून की शुरुआत के साथ उत्पन्न हो रही जलजमाव की समस्या को देखते हुए एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी ने प्रशासनिक अधिकारियों और NHAI की टीम के साथ संयुक्त निरीक्षण किया।
.
इस दौरान बीडीओ और नगर पंचायत ईओ भी मौजूद रहे। निरीक्षण का उद्देश्य जलभराव प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर साफ-सफाई और नाला मरम्मत का कार्य सुनिश्चित करना था।
एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी ने बताया कि सर्विस रोड, मजार के पास और अन्य प्रमुख स्थानों पर जल निकासी की व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व में भी NHAI के साथ पत्राचार कर आवश्यक कार्य कराए गए थे, लेकिन बारिश के कारण कुछ कार्य अधूरे रह गए थे। NHAI ने इन कार्यों को जल्द दुरुस्त करने का आश्वासन दिया है।

अधिकारियों के साथ निरीक्षण करने पहुंची SDM।
जलजमाव की समस्या पर चिंता की व्यक्त
हालांकि, वार्ड नंबर 6 के पार्षद प्रतिनिधि शिवपूजन चौधरी उर्फ रवि ने जलजमाव की समस्या पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि NHAI द्वारा बनाए गए नाले का लेवल सही नहीं होने के कारण लगभग 150 घरों में से 50-60 घरों में पानी घुस जाता है।
उन्होंने आशंका जताई कि यदि केवल एक तरफ का कलवर्ट तोड़कर पानी निकाला गया, तो आवासीय कॉलोनियों में स्थिति और बिगड़ सकती है।
निरीक्षण के बाद, यह सहमति बनी कि NHAI अपने संसाधनों का उपयोग करके दक्षिण दिशा वाले नाले की साफ-सफाई कराएगा और जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। इसका उद्देश्य आम जनता को जलजमाव से राहत दिलाना है।
