![]()
छठ महापर्व के अवसर पर शहर के विभिन्न घाटों और प्रमुख स्थानों पर लगाए गए बैनर-पोस्टरों को लेकर सियासत गरमा गई है। पोस्टरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की तस्वीरों को प्रमुखता दिए जाने पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश महासचिव सह जिला परिषद उपाध्यक्ष धीरेंद्र यादव ने एनडीए पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि एनडीए अब गठबंधन नहीं, बल्कि लठबंधन बनकर रह गया है। उनके अनुसार, पोस्टरों में सहयोगी दलों के नेताओं को जगह नहीं मिलना गठबंधन के भीतर चल रही खींचतान को दर्शाता है। धीरेंद्र यादव ने सवाल उठाया कि छठ जैसे बड़े पर्व के मौके पर पूरे सहरसा शहर में लगाए गए बैनर-पोस्टरों में केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की तस्वीरों को ही प्रमुखता क्यों दी गई? उन्होंने कहा कि स्थानीय सांसद, विधायक और एनडीए के अन्य वरिष्ठ नेताओं की तस्वीरें पोस्टरों से गायब हैं। इससे गठबंधन के भीतर आपसी तालमेल की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। सहयोगी दलों की अनदेखी का लगाया आरोप राजद नेता ने कहा कि एनडीए पांच घटक दलों से मिलकर बना है, लेकिन पोस्टरों में भाजपा के केवल दो चेहरों को प्रमुखता देना बाकी सहयोगी दलों की अनदेखी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी राजनीतिक रूप से किनारे कर दिया है। गठबंधन के नेता भले ही सबकुछ ठीक होने का दावा कर रहे हों, लेकिन अंदरूनी स्थिति अलग है। सरकार की आर्थिक स्थिति पर भी उठाए सवाल धीरेंद्र यादव ने बिहार सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य का खजाना खाली है और बिहार आर्थिक बदहाली की स्थिति में पहुंच गया है। उनके मुताबिक, प्रशासनिक व्यवस्था चरमरा गई है और सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। एनडीए में टूट की जताई आशंका राजद नेता ने दावा किया कि एनडीए के भीतर आपसी तालमेल की कमी और खींचतान बढ़ रही है। उन्होंने आने वाले दिनों में गठबंधन में राजनीतिक उथल-पुथल की आशंका जताई। धीरेंद्र यादव ने कहा कि नीतीश कुमार एक बार फिर अपनी पार्टी के साथ अलग रास्ता अपना सकते हैं और एनडीए कई टुकड़ों में बिखर सकता है।
Source link
'NDA गठबंधन नहीं, लठबंधन बनकर रह गया'-RJD:छठ के पोस्टर पर बवाल, धीरेंद्र यादव ने PM-CM की तस्वीरों को प्रमुखता देने पर उठाए सवाल
