Headlines

छठ व्रती ने ड्यूटी पर तैनात जवान को सिंदूर लगाया:फर्ज निभाने के बीच मिला पर्व का अपनापन, महिला पुलिसकर्मी के चेहरे पर भी दिखी खुशी




छठ महापर्व पर जहां लोग अपने परिवार के साथ खुशियां मना रहे थे, वहीं महिला पुलिस जवान नीतू कुमारी अपनी ड्यूटी निभाते हुए लोगों की सुरक्षा में तैनात थीं। इसी बीच कुछ ऐसा हुआ, जिसने इस महापर्व की सामाजिक एकता और अपनापन को एक खूबसूरत तस्वीर में समेट दिया। रास्ते से गुजर रहीं छठ व्रती महिलाओं की नजर ड्यूटी पर तैनात नीतू कुमारी पर पड़ी। महिलाओं ने उनके पास पहुंचकर उन्हें सिंदूर लगाया और छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं। यह भावुक पल कैमरे में कैद हो गया। दरअसल, सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ नवादा में चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ संपन्न हो गया। इस दौरान शहर के घाटों और आसपास के इलाकों में श्रद्धालु भगवान सूर्य की आराधना में जुटे थे। वहीं, महिला पुलिस जवान नीतू कुमारी अपने परिवार से दूर रहकर ड्यूटी कर रही थीं। पर्व के दौरान उनकी जिम्मेदारी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखना था। महिलाओं ने पास बुलाकर लगाया सिंदूर ड्यूटी के दौरान रास्ते से गुजर रही कुछ छठ व्रती महिलाओं की नजर नीतू कुमारी पर पड़ी। उन्हें देखकर महिलाएं उनके पास पहुंचीं और अपने साथ खड़ा कर सिंदूर लगाया। इसके बाद छठ महापर्व की बधाई और शुभकामनाएं दीं। अचानक मिले इस स्नेह से ड्यूटी पर तैनात महिला जवान के चेहरे पर भी खुशी दिखाई दी। फर्ज निभाने के बीच मिला पर्व का अपनापन महिला जवान नीतू कुमारी ने बताया कि छठ बहुत बड़ा लोक आस्था का महापर्व है, लेकिन ड्यूटी उनकी पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि रास्ते से गुजर रही महिलाओं ने जब उन्हें देखा तो अपने पास बुलाकर सिंदूर लगाया और छठ की बधाई दी। यह तस्वीर सिर्फ एक भावुक पल नहीं, बल्कि त्योहारों के सामाजिक जुड़ाव का भी संदेश देती है। एक ओर नीतू कुमारी वर्दी में अपने कर्तव्य के प्रति समर्पित दिखीं, तो दूसरी ओर व्रती महिलाओं ने उन्हें परिवार जैसा अपनापन दिया। छठ की इस तस्वीर में फर्ज के प्रति सम्मान, महिलाओं के बीच आत्मीयता और सामाजिक एकता की झलक देखने को मिली।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *