![]()
पश्चिम चंपारण। मझौलिया थाना क्षेत्र में बुधवार की अहले सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सरिसवा-पिपरपाती मुख्य सड़क किनारे बरवां गांव के पास आम के पेड़ से एक 70 वर्षीय वृद्ध का शव लटका मिला। सड़क से गुजर रहे लोगों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। संदिग्ध परिस्थिति में शव मिलने के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। बरवां गांव के वार्ड-7 के रहने वाले थे ललन साह मृतक की पहचान बरवां गांव के वार्ड संख्या-7 निवासी ललन साह के रूप में हुई है। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे आम के पेड़ से उनका शव लटका देखा। इसके बाद घटना की सूचना गांव में फैल गई। शव मिलने से ग्रामीणों में भय और बेचैनी का माहौल है। हत्या या आत्महत्या, जांच के बाद होगा खुलासा वृद्ध की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों के बीच हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। वहीं, आत्महत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि, अभी तक किसी भी आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार घटना की सूचना मिलते ही मझौलिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल बरवां गांव सहित आसपास के इलाके के लोग पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
Source link
आम के पेड़ से लटका मिला बुजुर्ग का शव:मर्डर या सुसाइड की आशंका, परिजन घर छोड़ भागे
