Headlines

अररिया में 10 नवंबर को होगा भास्कर महोत्सव:छठ-लोक संस्कृति पर आधारित होंगी प्रस्तुतियां, स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मंच




छठ महापर्व और बिहार की लोक संस्कृति को मंच पर प्रस्तुत करने के लिए 10 नवंबर को अररिया में भास्कर महोत्सव आयोजित होगा। कला एवं संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन की ओर से एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें स्थानीय कलाकार लोकगीत और पारंपरिक कलाओं के जरिए छठ की महिमा और बिहार की सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाएंगे। सुबह 11 बजे खेल भवन में शुरू होगा कार्यक्रम महोत्सव का आयोजन अररिया के खेल भवन सह व्यायामशाला में सुबह 11 बजे से होगा। इसमें स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम के जरिए छठ की परंपरा और बिहार की लोक संस्कृति को मंच पर पेश किया जाएगा। कलाकारों के चयन के लिए बनी समिति स्थानीय कलाकारों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उप विकास आयुक्त, अररिया की अध्यक्षता में चयन समिति बनाई गई है। समिति कलाकारों का चयन करने के साथ उनके मानदेय का निर्धारण भी करेगी। अधिकारियों को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारी कार्यक्रम के संचालन के लिए जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं, मंच निर्माण, सजावट, रोशनी, ध्वनि व्यवस्था, वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की जिम्मेदारी जिला नजारत उप समाहर्ता को दी गई है। ये सभी काम जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी के समन्वय से होंगे। अतिथियों के स्वागत और अन्य व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आपसी तालमेल से समय पर जिम्मेदारियां पूरी करने का निर्देश दिया है। महोत्सव के जरिए स्थानीय कलाकारों को मंच देने और छठ की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की तैयारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *