![]()
सुपौल में अज्ञात बाइक की टक्कर से घायल 4 वर्षीय मासूम की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के कुपड़िया वार्ड नंबर-1 की है। मृतक की पहचान चंदन कुमार के इकलौते पुत्र दुर्लभ कुमार (4) के रूप में हुई है। दुर्लभ कुमार घर के पास सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए सुपौल के एक निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया कि मृतक के पिता चंदन कुमार दिल्ली में मजदूरी करते हैं। उन्हें घटना की सूचना दे दी गई है। परिवार ने बताया कि दुर्लभ उनका इकलौता बेटा था और उनकी कोई पुत्री नहीं है। बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने लोगों से की पूछताछ घटना की सूचना मिलने पर त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। आरोपी की पहचान कर रही पुलिस त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि अज्ञात बाइक चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच चल रही है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रिहायशी इलाकों में तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Source link
बाइक की टक्कर से 4 साल के मासूम की मौत:सुपौल में सड़क किनारे खेल रहा था, इलाज के दौरान निजी अस्पताल में तोड़ा दम
